सेना में भर्ती होने आए हरियाणा के 25 युवक पहुंचे हवालात, जानें ऐसी क्या हुई बात
जालंधर में चल रही सेना की भर्ती के दौरान फर्जी दस्तावेज देने के आरोप में पुलिस ने हरियाणा के 25 युवाओं को गिरफ्तार किया है।
संवाद सहयोगी, जालंधर छावनी : यहां फौज में भर्ती होने आए हरियाणा के 25 नौजवान हवालात पहुंच गए हैं। सेना की भर्ती के दौरान जाली दस्तावेज पेश करने के आरोप में 25 युवकों के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कुल पांच मामले दर्ज किए हैं जिनमें पांच-पांच युवकों को शामिल किया गया है। सभी युवक 19 से 21 वर्ष आयु के हैं। आरोपित युवकों ने जालंधर, होशियारपुर के पते वाले फर्जी जाति प्रमाणपत्र, नो क्लेम सर्टिफिकेट, चरित्र प्रमाण पत्र, रेजीडेंशियल प्रूफ दिए थे। बता दें कि दो युवकों पर पुलिस ने एक दिन पहले ही धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था। ये दोनों भी हरियाणा के रहने वाले थे।
थाना प्रभारी सुखदेव सिंह ने बताया तमाम युवक हरियाणा के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं और इन्होंने हरियाणा के ही एक व्यक्ति रमेश कुमार से तमाम जाली दस्तावेज तैयार करवाए थे। आरोपित युवकों ने बताया कि रमेश कुमार उन्हें हरियाणा में हुई एक भर्ती के दौरान मिला था। उसने उनके ही नहीं बल्कि हरियाणा में भी बहुत से युवकों के जाली दस्तावेज तैयार किए हैं। उनकी उससे 30 हजार रुपये में जाली प्रमाणपत्र तैयार कर देने की बात हुई थी। पुलिस मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए हरियाणा गई है, जल्द ही उसे को काबू कर लिया जाएगा। बुधवार को भी सेना में भर्ती के लिए हजारों की संख्या में युवक पहुंचे थे।
आधार कार्ड ने पकड़वाए
आर्मी के अधिकारियों ने जब भर्ती में शामिल होने आए युवकों के स्कूल सर्टिफिकेट जांच किए तो वह हरियाणा के पाए गए और जब उनका रेजिडेंशल प्रूफ चेक किया तो तमाम युवकों के पते जालंधर और होशियारपुर के निकले। पंजाब के विभिन्न जिलों के निकले। तभी सेना के अधिकारियों ने उन्हें संदिग्ध मानते हुए उनकी दस्तावेज अलग कर दिए और बाद में जब उनके आधार कार्ड के नंबर से उनका तमाम ब्योरा निकाला गया तो दस्तावेज जाली पाए गए और फिर उन्हे पुलिस के हवाले किया गया।