परिजन ढूंढते रहे, 23 घंटे बाद कुएं से मिला पूर्व पार्षद के पोते का शव
पूर्व पार्षद कस्तूरी लाल के पोते राहुल का शव कुएं से बरामद हुआ है। बच्चा खेलते हुए गिरा या किसी ने हत्या की पुलिस दोनों एंगल पर जांच कर रही है।
जालंधर [सुक्रांत]। भगत सिंह कॉलोनी में रहने वाले पूर्व पार्षद कस्तूरी लाल के पोते राहुल उर्फ आशु का शव 23 घंटे बाद भगत सिंह कॉलोनी में स्थित कुएं में मिला। पुलिस ने निगम कर्मियों की मदद से कुएं का सारा पानी बाहर निकाला। दो निगम कर्मियों को अंदर उतारा और गाद में फंसे हुए शव को बाहर निकाला। प्राथमिक जांच में बच्चे की खेलते समय गिरने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि पुलिस हत्या की आशंका से इन्कार नहीं कर रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद स्थिति साफ हो पाएगी। राहुल का शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर प्रवीण कुमार सिन्हा मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द स्थिति साफ करने का निर्देश दिया।
3 फुट की चारदीवारी 2 फुट की ग्रिल, आसानी से हो सकती थी पार
भगत सिंह कॉलोनी में गंदे पानी की निकासी के लिए बनाए गए कुएं के आसपास 3 फीट की चारदीवारी है। चारदीवारी के ऊपर 2 फीट का जंगला है। एेसे में कोई भी 9 साल का बच्चा आसानी से इसे पार कर सकता है। सबसे बड़ी लापरवाही तो यह थी कि कुआं ऊपर से ढका हुआ नहीं था। इसके अलावा ग्रिल पर बना हुआ छोटा दरवाजा भी बिना ताले के था, जिससे आसानी से उसके अंदर जाया जा सकता था। कुएं के पानी में काफी गेंदें तैर रही थी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि राहुल गेंद निकालने के लिए वहां गया हो।
यह भी पढ़ेंः विदेशी महिला के साथ पार्षद के पति की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल