पाइप से वाहन-फर्श धोने व सुबह पौधों को पानी देने पर 23 चालान
नगर निगम के आपरेशन एंड मेनटेनेंस डिपार्टमेंट ने पानी की बर्बादी करने पर 23 लोगों के चालान काटे हैं।
जागरण संवाददाता, जालंधर : नगर निगम के आपरेशन एंड मेनटेनेंस डिपार्टमेंट ने पानी की बर्बादी करने पर 23 लोगों के चालान काटे हैं। इनमें गाड़ियां और फर्श धोने, सुबह पौधों को पानी देने के मामलों में जुर्माना लगाया गया है। नगर निगम अभी तक गाड़ियां धोने वालों पर ही कार्रवाई कर रहा था, लेकिन अब फर्श धोने और पौधों को तय समय के मुताबिक पानी न देने पर भी चालान काटे हैं। एक्सईएन सतिदर कुमार ने कहा कि तीन दिन में 51 चालान काटकर 51 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। सरकार का स्पष्ट आदेश है कि पानी की बर्बादी करने वालों पर किसी भी प्रकार की ढील न करें। पहली बार पाइप लगाकर गाड़ी व फर्श धोने और शाम 5 बजे से पहले पौधों को पानी देने पर एक हजार रुपये, दूसरी बार दो हजार जुर्माना लगाया जाएगा और अगर तीसरी बार फिर गलती करते पकड़े गए तो पांच हजार रुपये जुर्माना होगा और पानी का कनेक्शन भी काट दिया जाएगा। नगर निगम ने शहर को सात जोन में बांटा हुआ है और सात टीमें बनाई हैं। वीरवार को जोन नंबर 2 से सात तक के इलाकों में कार्रवाई की गई। नगर निगम को पानी बर्बादी की शिकायतें भी काफी मिल रही हैं। दैनिक जागरण और पंजाबी जागरण ने पानी की बर्बादी रोकने के लिए घंटी बजाओ पानी बचाओ अभियान चला रखा है। इससे लोगों में जागृति आ रही है। लोग पानी लीकेज, खुले नलों और पानी बर्बाद करने वालों के खिलाफ सूचना दे रहे हैं। लोगों के अभियान में साथ आने से इसका काफी असर पड़ रहा है।