मुख्यमंत्री के सलाहकार गिलजियां के खासमखास दमनदीप सिंह का जिला यूथ प्रधान चुना जाना तय
यूथ कांग्रेस के चुनावों ने सर्दी के मौसम में राजनीतिक गर्मी ला दी है।
जागरण संवाददाता, होशियारपुर : यूथ कांग्रेस के चुनावों ने सर्दी के मौसम में राजनीतिक गर्मी ला दी है। युवाओं में चुनाव को लेकर खासा उत्साह पाया जा रहा है। राजनीतिक गुरु अपने चेलों को पदवी दिलाने के लिए जुगत भिड़ा रहे हैं। यूथ चुनाव में जिला से विभिन्न पदों के लिए 23 उम्मीदवार मैदान में हैं। हर बार जिला प्रधान के लिए यूथ कांग्रेस में दिलचस्प मुकाबला होता था लेकिन इस बार मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार संगत सिंह गिलजियां अपने खासम खास दमनदीप सिंह को निर्विरोध यूथ कांग्रेस का जिला अध्यक्ष बनाने का रास्ता साफ कर लिया है। मौजूदा लोकसभा प्रधान एडवोकेट रोहित जोशी ने पिछले चुनाव में दमनदीप को कड़े मुकाबले में हराया था, मगर इस बार गिलजियां ने ऐसी राजनीतिक गोटी फिट की कि जिला प्रधान के चुनाव में कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं आया।
विधान सभा क्षेत्रों में के चुनावों में सबसे ज्यादा दसूहा हलका में छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं उसके बाद गढ़शंकर में तीन उम्मीदवार चुनावी लंगोटी चढ़ाए हैं। होशियारपुर में दो उम्मीदवार मैदान में हैं। चब्बेवाल, मुकेरियां व शामचौरासी में निरविरोध प्रधान चुनने का रास्ता साफ है। विधान सभा क्षेत्र होशियारपुर में कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोडा के धड़े से माने जाने वाले आकाश कुमार गोल्डी प्रधान पद के उम्मीदवार हैं और उनका मुकाबला हलका चब्बेवाल से विधायक डॉ. राज कुमार के करीबी माने वाले जतिदर भोलू मैदान में हैं। दोनों के बीच कड़े मुकाबले के आसार बने हैं। देखना यह है कि चुनावी बाजी मारता कौन है। विधानसभा चब्बेवाल से गुरप्रीत का निरविरोध, शामचौरासी से पवित्र सिंह व मुकेरियां से गुरप्रीत का निरविरोध चुना जाना तय है। विधानसभा गढ़शंकर से अध्यक्ष पद के लिए बलवीर, चंदन व कमल कटारिया आमने सामने हैं। यहां पर पूर्व विधायक लव कुमार गोल्डी व कांग्रेसी नेत्री नमिषा मेहता के बीच चुनावी युद्ध चल रहा है। सबसे ज्यादा मुसीबत हलका दसूहा से विधायक अरुण डोगरा मिक्की के लिए हैं क्योंकि यहां से विधान सभा अध्यक्ष के लिए छह उम्मीदवार चुनावी कसरत कर रहे हैं। यह सभी अरुण डोगरा के करीबी बताए जाते हैं इसलिए वह हर कदम फूंक-फूंक कर रख रहे हैं। यूथ कांग्रेस के चुनाव में जिला महासचिव के लिए पांच उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जिला चुनाव अधिकारी जतिदर शर्मा ने बताया कि यूथ कांग्रेस की चुनावी प्रक्रिया शुरु हो गई है इसके नतीजे सात दिसबंर को घोषित कर दिए जाएंगे।