अवैध संबंधों के शक में पत्नी ने ले ली पति की जान
पति की बेवफाई से खफा पत्नी ने अपने पति को मरवा दिया। उसने इस काम के लिए अस्सी हजार की सुपारी दी। पत्नी पुलिस गिरफ्त में है।
होशियारपुर। कस्बा हरियाना के गांव भटोलियां में एक महिला ने सुपारी देकर लकड़ी व्यापारी अपने पति केवल सिंह की हत्या करवा दी। महिला बलविंदर कौर को अपने पति पर अवैध संबंधों रखने का शक था। हत्या को अंजाम देने के लिए बलविंदर कौर अपनी बहन सुरिंदर कौर के मुंह बोले भाई संजीव कुमार निवासी जालंधर को तैयार किया था।
पांच जून को गांव के पास ही दिनदहाड़े हुए केवल सिंह हत्याकांड को लेकर पुलिस जांच कर रही थी। तफ्तीश करने के दौरान केवल सिंह की पत्नी बलविंदर कौर पर शक की सुई घूमी। हिरासत में लेकर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल लिया। एसएसपी कुलदीप सिंह चाहल ने एक सप्ताह के अंदर इस अंधे कत्ल की सुलझाने को पुलिस की बड़ी सफलता बताई है।
पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसपी (डी) कुलवंत सिंह ने बताया कि केवल सिंह हत्याकांड उनके नेतृत्व में डीएसपी ग्रामीण हरविंदर सिंह डल्ली, थाना प्रभारी विक्रमजीत सिंह केवल सिंह हत्याकांड से पर्दा उठाने के लिए गंभीरता से तफ्तीश कर रहे थे। तमाम पहलुओं से जांच करने पर शक केवल सिंह की पत्नी बलविंदर कौर पर गहराया। दरअसल, पुलिस जब मौके पर जाती थी तो बलविंदर रोने लगती थी और बाद में सामान्य हो जाती थी। इसे पुलिस ने गंभीरता से लिया। कुछ और तथ्य जुटा कर पुलिस ने बलविंदर कौर को राडार पर लिया। हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की तो ज्यादा देर तक पुलिस गुनाहों पर पर्दा न डाल सकी। उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया की कि सुपारी देकर उसने ही अपने ही पति की हत्या करवाई है।
पति की बेवफाई से तंग थी, इसीलिए मरवा दिया
बलविंदर कौर ने पुलिस के समक्ष कबूल किया की कि उसका पति उसके साथ बेवफाई करता था और महिलाओं के साथ घूमता था। इससे वह बहुत दुखी थी। हत्या को अंजाम देने के लिए वह जालंधर अपनी बहन सुरिंदर के घर गई थी। वहां पर बहन सुरिंदर कौर के मुंह बोले भाई संजीव कुमार निवासी बस्ती शेखां जालंधर से मिली। उसके आगे चुन्नी रखकर पति का काम तमाम करने के लिए मनाया। बतौर सुपारी उसने संजीव कुमार को 80 रुपये भी दिए। संजीव भी बलविंदर की बातों में आकर केवल सिंह की हत्या करने के लिए आपराधिक किस्म के रजत निवासी भार्गव कैंप जालंधर को तैयार किया।
एक दिन पहले नहीं लगा दांव, दूसरे दिन उतारा मौत के घाट
गुनाह छिपाने के लिए बलविंदर कौर ने अपने तीनों बच्चों को बहन के घर पर छोड़ दिया था। मोटरसाइकिल पर जालंधर से सवार होकर संजीव व रजत केवल सिंह की हत्या करने के लिए चार जून को भी आए थे, लेकिन उस दिन उन्हें उनका दांव नहीं लगा तो फिर वापस जालंधर चले गए थे। इस दौरान बलविंदर कौर का संजीव के साथ लगातार संपर्क होता रहा। अगले दिन पांच जून को फिर जालंधर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर संजीव व रजत गांव भटोलियां पहुंचे। इस बार केवल सिंह घर पर ही था। केवल सिंह लकड़ी व्यापारी थी। लकड़ी देखने के बहाने दोनों उसे घर से ले गए।
ये भी पढ़ें ः कमल शर्मा के सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या
योजना के मुताबिक रास्ते में तेजधार हथियार से उसकी हत्या करने के बाद दोनों जालंधर फरार हो गए थे। पुलिस ने केवल सिंह की पत्नी बलविंदर कौर, संजीव व रजत को गिरफ्तार कर लिया है। रजत आपराधिक किस्म का है। उसके खिलाफ लूटखसोट और तस्करी के मामले र्दज हैं।