होशियारपुर में जल सप्लाई व सैनिटेशन कांट्रैक्ट वर्कर यूनियन ने मांगों को लेकर किया रोष प्रदर्शन
जल सप्लाई विभाग में बतौर इनलिस्टमेंट कार्य करते लगभग 3500 कर्मचारियों जो पिछले 15 वर्षों से लगातार अपने तजुर्बे के आधार पर डीसी रेट पर विभाग में कार्यरत हैं। उनकी 15 वर्षों की सर्विस को सरकार की तरफ से खत्म किया जा रहा है।
जागरण टीम, होशियारपुर : जल सप्लाई व सैनिटेशन कांट्रैक्ट वर्कर यूनियन पंजाब ब्रांच तलवाड़ा व मुकेरियां के प्रधान रजत कुमार की अगुआई में जल सप्लाई एवं सैनिटेशन कार्यालय के समक्ष अपनी मांगों को लेकर रोष प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर रजत कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से ठेका कर्मियों के उनके पिछले तजुर्बे को समाप्त करके सभी नए व पुराने कर्मचारियों को बराबर वेतन देने का प्रविधान बनाया गया है। इसे लेकर विभाग की तरफ से एक पत्र भी जारी कर दिया गया है। जिसके कारण विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जारी किए गए पत्र को अग्निभेंट भी किया गया। उन्होंने कहा कि जल सप्लाई विभाग में बतौर इनलिस्टमेंट कार्य करते लगभग 3500 कर्मचारियों जो पिछले 15 वर्षों से लगातार अपने तजुर्बे के आधार पर डीसी रेट पर विभाग में कार्यरत हैं। उनकी 15 वर्षों की सर्विस को सरकार की तरफ से खत्म किया जा रहा है। इसी बात को लेकर उन्होंने जल सप्लाई व सैनिटेशन विभाग के कार्यालय के समक्ष रोष प्रदर्शन किया है।
उन्होंने पंजाब सरकार को चेताया कि यदि इस पत्र को लागू किया गया, तो वे अपने संघर्ष को और तेज करने पर मजबूर होंगे। इस तरह 29 से 30 सितंबर को एसई जल सप्लाई एवं सैनिटेशन विभाग के होशियारपुर कार्यालय के समक्ष दो दिन का धरना प्रदर्शन अपने परिवारों के सहित दिए जाने का भी ऐलान किया गया।
इस रोष धरने में तलवाड़ा व मुकेरियां के जल सप्लाई व कांट्रैक्ट वर्कर यूनियन के सदस्य भारी संख्या में शामिल होंगे। इस मौके पर अमन राणा, रणजीत सिंह, सुरेश कुमार, दिलीप कुमार, बलविंदर सिंह, दीपक शर्मा, दीपिका शर्मा, हरप्रीत सिंह बाजवा, अजय कुमार, रोहित कुमार, बलविंदर बिंदू आदि उपस्थित रहे।