पंजाब निर्माण मजदूर यूनियन ने मांगों को लेकर सौंपा मांगपत्र
पंजाब निर्माण मजदूर यूनियन ने विभिन्न व्यवसायों से जुड़े मिस्त्री और मजदूरों आदि के लिए श्रम विभाग की तरफ से कार्ड बनाने की समस्या को लेकर वन वन्यजीव और लेबर विभाग मंत्री श्री संगत सिंह गिलजियां को मांगपत्र सौंपा।
संवाद सहयोगी, टांडा उड़मुड़ : पंजाब निर्माण मजदूर यूनियन ने विभिन्न व्यवसायों से जुड़े मिस्त्री और मजदूरों आदि के लिए श्रम विभाग की तरफ से कार्ड बनाने की समस्या को लेकर वन, वन्यजीव और लेबर विभाग मंत्री श्री संगत सिंह गिलजियां को मांगपत्र सौंपा। पंजाब निर्माण मजदूर यूनियन पंजाब के प्रधान गंगा प्रसाद, सुखदेव राज तहसील प्रधान, सचिव स्वर्ण सिंह, सुरिदर मेहता, सुरजीत सिंह, विजय कुमार आदि ने कहा कि पंजाब में करीब 515 सेवा केंद्र हैं, जो 200 से ज्यादा सेवाएं दे रहे हैं। लेकिन इन सेवा केंद्रों में पंजीकरण, नवीनीकरण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के काम नहीं होने के कारण निर्माण मजदूर लंबे समय से पीड़ित हैं। विभाग की अधिकांश वेबसाइट बंद रहती हैं। इससे मजदूरों का बहुमूल्य समय और धन बर्बाद हो रहा है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि उनके काम को सुचारू रूप से चलाने के लिए संबंधित पंजीकृत ट्रेड यूनियन को पोर्टल प्रदान किया जाए, सभी कार्य तहसील स्तर पर पांच कामन सर्विस सेंटरों में कराया जाए, लेबर इंस्पेक्टरों को जिम्मेदारी दी जाए और सभी पिछली प्रतियों को एक बार में आफलाइन नवीनीकृत किया जाए। ताकि ये मजदूर पेंशन और बीओसी का लाभ प्राप्त कर सकें। कैबिनेट मंत्री गिलजियां ने यूनियन के प्रधान और प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि सरकार निर्माण मजदूरों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्हें किसी भी कठिनाई का सामना नहीं करने देगी। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के परामर्श से जायज मांगों को पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।