पयार्वरण दिवस : एक तरफ पौधरोपण का तामझाम, दूसरी तरफ आम के पेड़ को कर डाला जख्मी
जागरण संवाददाता, होशियारपुर पांच जून को पर्यावरण दिवस पर सरकारी तंत्र ने पौधरोपण का
जागरण संवाददाता, होशियारपुर
पांच जून को पर्यावरण दिवस पर सरकारी तंत्र ने पौधरोपण का तामझाम करके समाज को हरा-भरा बनाने का संदेश दिया। राजनीतिज्ञ से लेकर अफसरशाही तक ने पर्यावरण को हराभरा बनाने का संकल्प लिया और लोगों को भी सहयोग देने की अपील की, मगर दूसरी तरफ बस स्टैंड रोड पर पर्यावरण की सुरक्षा को ताक पर रखकर एक आम के पेड़ पर कुल्हाड़ी चलाकर उसे टूंडा कर दिया गया। इस मामले में बड़ी हैरानीजनक बात है कि नगर निगम आम के पेड़ को काटने के मामले में अनभिज्ञता जता रहा है। दैनिक जागरण की ओर से यह मामला संज्ञान में लाने पर निगम के जेई अश्विनी कुमार ने कहा कि उन्हें ऐसी जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी।
क्या है पूरा माजरा :
बस स्टैंड रोड पर कैपिटल लोकल एरिया बैंक के समीप एक कामर्शियल इमारत बन रही है। इमारत के ठीक सामने एक आम का पेड़ है। न जाने किसने आम के पेड़ की डालों पर कुल्हाड़ी चलाकर उसे टूंडा कर दिया है। आम का पेड़ बस स्टैंड के व्यस्ततम रोड पर है। यहां से आए दिन जाने कितने सरकारी अधिकारी निकलते हैं, मगर इस तरफ किसी का भी ध्यान नहीं गया। मंगलवार को पर्यावरण दिवस मनाकर जब सरकारी तंत्र समाज को हराभरा बनाने का संदेश दे रहा था तो लोग चुटकी ले रहे थे की कि प्रशासन पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाने पर शिकंजा नहीं कस सकता है तो फिर कैसे पर्यावरण हरा-भरा हो सकता है। हालांकि यह जांच का विषय है कि बस स्टैंड रोड पर आम के पेड़ पर किसने कुल्हाड़ी चलाई है। क्या नगर निगम अब इस मामले में सख्ती बरतेगा या फिर लीपापोती करके मामले को रफादफा कर देगा।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम के दायरे में आने वाले पेड़ों की रखवाली की जिम्मेदारी निगम की होती है।
वहीं, निगम के जेई अश्विनी कुमार ने कहा कि यह मामला उनके नोटिस में नहीं है। वह मौके का जायजा लेकर उचित कार्रवाई करवाएंगे।
वहीं, उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के ध्यान में जब यह मामला लाया गया तो उन्होंने कहा कि पेड़ को नुकसान पहुंचाने वालों को कदापि नहीं बख्शा जाएगा। वह संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच करके बनती कार्रवाई के आदेश देंगे।