पंचायत चुनावः मतदान से पहले दसूहा में एसडीएम, बीडीपीओ व नायब तहसीलदार ट्रांसफर
पंजाब की 13276 पंचायतों के लिए रविवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू होगा, जो शाम चार बजे चलेगा। नतीजे भी शाम को ही घोषित कर दिए जाएंगे।
जेएनएन, होशियारपुर/मानसा। पंजाब की 13276 पंचायतों के लिए रविवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू होगा, जो शाम चार बजे चलेगा। नतीजे भी शाम को ही घोषित कर दिए जाएंगे। पंचायत चुनाव की सभी तैयारियां मुकम्मल कर दी गई हैं। इस बीच शनिवार को होशियारपुर के दसूहा में कांग्रेस विधायक संगत सिंह गिलजियां की शिकायत पर चुनाव आयोग ने एसडीएम दसूहा हरचरन सिंह, नायब तहसीलदार मनजीत सिंह और बीडीपीओ टांडा परमजीत सिंह का तबादला कर दिया है।
अफसरों पर अकालियों से मिलीभगत कर विदेश में बैठे लोगों के वोट बनवाने का आरोप है। वहीं टांडा में गलत वोट बनाने में शामिल कानूनगो, पटवारियों व अन्य कर्मचारियों, नंबरदार जलालपुर के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निगम कमिश्नर बलवीर राज दसूहा के अतिरिक्त एसडीएम का पदभार संभालेंगे।
नायब तहसीलदार मनजीत सिंह के स्थान पर नायब तहसीलदार दसूहा ओंकार सिंह को टांडा का अतिरिक्त चार्ज व बीडीपीओ (एच) अमरिंदरपाल सिंह को परमजीत सिंह के स्थान पर टांडा का प्रभार दिया गया है। वहीं, मानसा के जटाना कलां में तैनात रिटर्निंग अफसर को आयोग ने निलंबित कर दिया है। जिला चुनाव अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। वाटर सप्लाई व सेनिटेशन विभाग के एसडीओ मलकीत सिंह पर दस्तावेजों से छेड़छाड़ का आरोप है।
1863 सरपंच व 22203 पंच निर्विरोध चुने
राज्य की 13276 ग्राम पंचायतों के लिए इस बार बड़ी संख्या में पंचायत प्रतिनिधि निर्विरोध चुने गए हैं। 1863 सरपंच व 22203 पंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं।