शीला दीक्षित को अध्यक्षता देना सराहनीय कदम: डॉ. राज
कांग्रेस हाईकमान द्वारा दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को दिल्ली कांग्रेस कमेटी के प्रधान पद के साथ नवाजा गया है। इस मौके पर विधायक चब्बेवाल डॉ. राज कुमार ने उनके साथ मुलाकात करके उन्हें बधाई दी।
जेएनएन, होशियारपुर : कांग्रेस हाईकमान द्वारा दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को दिल्ली कांग्रेस कमेटी के प्रधान पद के साथ नवाजा गया है। इस मौके पर विधायक चब्बेवाल डॉ. राज कुमार ने उनके साथ मुलाकात करके उन्हें बधाई दी। डॉ. राज ने कहा कि दीक्षित की अगुआई में कांग्रेस ने पहले भी दिल्ली में लगातार तीन बार जीत हासिल की और अपने 15 साल के सफल मुख्यमंत्री के कार्यकाल में दिल्ली के लिए बहुत काम किया। इसके साथ-साथ डॉ. राज कुमार ने राजेश लिलोठिया, पूर्व सचिव एआइसीसी और पूर्व सचिव इंचार्ज एससी डिपार्टमेंट पंजाब कांग्रेस को भी दिल्ली कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी प्रधान बनाए जाने पर बधाई दी। डॉ. राज कुमार ने कहा कि दीक्षित और लिलोठिया के नेतृत्व में 2019 चुनावों में दिल्ली में कांग्रेस फिर अपना परचम लहराएगी। डॉ. राज ने कहा कि बीते विधानसभा चुनावों में भाजपा को करारी हार देकर कांग्रेस ने 2019 मतदान का बिगुल बजा दिया है। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी के गिरते ग्राफ और बिखरते झाड़ू पर डॉ. राज कुमार ने कहा कि जैसे आप पंजाब में तार-तार हो चुकी है। उसी प्रकार दिल्ली में भी वह कांग्रेस के हाथों हार का मुंह देखेगी।