पत्नी ने शराब पीने से रोका तो पति ने निगला जहर, गंभीर
शराब पीने से जब पत्नी ने मना किया तो पति ने गुस्से में आकर जहर निगल लिया।
जागरण संवाददाता, होशियारपुर : शराब पीने से जब पत्नी ने मना किया तो पति ने गुस्से में आकर जहर निगल लिया। मामला होशियारपुर के गांव धामियां कलां का है। जहर निगलने वाले की पहचान परमिदर सिंह पुत्र सुखदेव सिंह के रूप में हुई है। अस्पताल में गंभीर हालत में अपने पति को लेकर पहुंची परमिदर सिंह की पत्नी रमन ने बताया कि उसकी शादी 20 साल पहले हुई थी। उसका पति शराब पीने के आदी है। कई बार समझाया लेकिन वह शराब की लत को नहीं छोड़ता। इसी वजह से घर में झगड़ा भी रहता है। वह एक प्राइवेट फैक्टरी में काम करता है, लेकिन पिछले दिन से उसका पति ड्यूटी पर नहीं जा रहा था और सारा दिन शराब पीकर घर में पड़ा रहता था। परिवार के आर्थिक हालात ठीक नहीं है। शनिवार सुबह भी वह शराब पीकर घर में वापस आया। उसने शराब पीने का विरोध किया और ड्यूटी पर जाने के लिए कहा तो शराब के नशे में धुत उसके पति ने जहर निगल लिया। इस कारण उसके पति की तबीयत बिगड़ गई। वह उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसके पति का उपचार चल रहा है।
जान से मारने की देता था धमकियां
रमन ने बताया कि जब भी वह अपने पति को शराब पीने से मना करती थी तो उसका पति झगड़ा शुरू कर देता था और जान से मारने की धमकियां देता था। शनिवार को जब उसने शराब पीने का विरोध किया तो उसके पति ने धमकियां देनी शुरू कर दी। उसने कहा कि वह जहर खाकर आत्महत्या कर लेगा। इसके बाद वह शांत हो गई परंतु इस बीच उसके पति ने जहर निगल लिया।