अविनाश खन्ना ने केंद्र की नीतियों का किया बखान
होशियारपुर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने गांव जेजों में मोदी नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की शुरू की गई जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ घर घर तक पहुंचाने के लिए इन योजनाओं की लोगों जानकारी दी।
जेएनएन, होशियारपुर: भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना ने गांव जेजों में मोदी नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की शुरू की गई जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ घर घर तक पहुंचाने के लिए इन योजनाओं की लोगों जानकारी दी। इस दौरान खन्ना ने कहा कि जन जागरण अभियान के तहत लोगों को मोदी सरकार की उपलब्धियों संबंधी पंफ्लेट बांटे गए। खन्ना ने लोगों से कहा कि मोदी सरकार ने देश के हर वर्ग को लाभान्वित किया है। बात चाहे देश की प्रगति की हो या देश की आन बान और शान की, मोदी सरकार ने सदैव देश को बढ़त दिलाई है। देश की आंतरिक व बाहरी सुरक्षा के लिए मोदी सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। कोरोना महामारी के चलते मोदी सरकार ने पूरे देश के लिए प्रधानमंत्री राहत कोष का मुंह खोल दिया है। कोरोना संकट में जहां पूरा विश्व जूझ रहा है, वहीं मोदी सरकार की बेहतर नीति के चलते मोदी पूरे विश्व में कोरोना योद्दा को रूप में उभरे हैं। खन्ना ने कहा कि आज देश के हर नागरिक तक केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। गांव से लेकर बड़े नगरों में रहने वाला नागरिक अपने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अपने हकों को सुरक्षित समझ रहा है तथा इन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठा रहा है।