विदेश में फंसे पति को बचाने के लिए लुटा दी अस्मत, फिर होने लगी ब्लैकमेल
एक व्यक्ति को खुद को इमीग्रेशन अफसर बताकर महिला का शारीरिक शोषण करता रहा। यही नहीं उसने उसकी अश्लील वीडियो भी बना दी और ब्लैकमेल करने लगा।
जेएनएन, होशियारपुर। पति का विदेश में एक केस में फंसा तो महिला परेशान रहने लगी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने महिला को मदद का भरोसा दिया। महिला जाल में फंस गई और जैसा वो कहता रहा करती रही। उसने महिला से रुपये तो एेंठे ही उसके साथ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो भी बना दी। इसी बीच, अचानक महिला का पति घर लौटा तो पता चला कि उस व्यक्ति ने इसमें कोई मदद नहीं की। पुलिस ने ट्रेप लगाकर आरोपित को दबोच लिया है।
पुलिस को दिए अपने बयान में पीड़िता ने बताया कि कुछ साल पहले उसका पति नौकरी करने बहरीन गया था। वह वहां वह किसी केस में फंस गया और उसे जेल हो गई। पति को छुड़वाने के लिए वह इधर-उधर घूमती रही। इस दौरान सोशल मीडिया पर वह मोहल्ला गोबिंदपुर नागरी जिला संगरूर निवासी युगराज सिंह के संपर्क में आई। वह अपने आप को इमीग्रेशन का अधिकारी बताता था। उसने उसे आश्वस्त किया कि वह उसके पति को बहरीन से वापस ले आएगा।
महिला के मुताबिक वह युगराज के झांसे में आ गई। युगराज ने उसे बताया कि उसकी बहरीन के अधिकारियों से बातचीत हुई है और वह कुछ पैसे की डिमांड कर रहे हैं। उसने 1 लाख की मांग की जो उसने दे दिए। इसके अलावा उसे एक सोने की चेन भी दी। युगराज ने एक दिन उसे एक तय स्थान पर बुलाया और झांसे में लेकर उसके साथ दुष्कर्म किया। फिर अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। वह सहती रही कि शायद युगराज उसके पति को वापस ले आएगा।
इसी बीच, उसका पति घर लौट आया। बाद में उसे पता चला कि युगराज ने पति को बहरीन से लाने के लिए कुछ किया ही नहीं। पति के बेकसूर होने के कारण बहरीन सरकार ने उसे रिहा कर दिया है। उसने जब इसका विरोध किया तो युगराज ने पति को न्यूजीलैंड भेजने का झांसा दिया। उसकी हरकतों से दुखी होकर उसने आपबीती पति को बताई।
दोनों ने एसएसपी को शिकायत दी। पुलिस ने ट्रैप लगा दिया। युवराज ने महिला को फोन किया कि वह उसे आकर मिले। उसे फाइल आगे बढ़ाने के लिए 55 सौ रुपये भी चाहिए। इसके बाद पुलिस ने गत रात बस स्टैंड के सामने से एक होटल से उसे दबोच लिया।
पुलिस ने की पूछताछ तो फर्जी निकले जनाब
जब पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो उसके इमीग्रेशन अधिकारी होने की बात फर्जी निकली। पुलिस ने उस पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएचओ गौरव धीर ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है कि आरोपित ने कितने और लोगों को मूर्ख बनाकर ठगा है। आरोपित का संगरूर में ट्रेवल एजेंसी का काम है।
यह भी पढ़ेंः शादी के बाद पति का ये हाल देख नई नवेली दुल्हन के सपनों पर टूटा पहाड़