जेठ रखता था बुरी नजर, विवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान
जेठ से तंग आकर एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
संवाद सहयोगी, होशियारपुर: जेठ से तंग आकर एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले विवाहिता ने अपने पति को बार-बार जेठ के खिलाफ पुलिस में शिकायत देने के लिए कहा, लेकिन पति घर के विवाद को पुलिस के पास नहीं ले जाना चाहता था। जेठ अकसर विवाहिता पर बुरी नजर रखता था। इसी से आहत होकर विवाहिता ने जान दे दी।
पुलिस ने विवाहिता के पिता के बयानों पर विवाहिता के पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला होशियारपुर मोहल्ला साहिबजादा अजीत सिंह नगर का है। मृतका की पहचान इकविदर कौर (24) पत्नी विशंबर सिंह मूल निवासी पुराना शाला, गुरदासपुर हाल निवासी साहिबजादा अजीत सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
इकविदर कौर के पिता नरिदर सिंह ने बताया कि तीन साल पहले इकविदर कौर की शादी विशंभर के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही इकविदर का जेठ उस पर बुरी नजर रखता था और उसे परेशान करता था। इकविंदर ने कई बार उन्हें शिकायत की थी कि उसका जेठ उस पर बुरी नजर रखता है। इसके बारे में इकविदर ने ससुराल परिवार और पति को बताया था, लेकिन जब कोई हल नहीं हुआ तो उसने उन्हें बताया।
इकविदर के ससुराल वालों ने इस मामले को सुलझाने का आश्वासन दिया था, लेकिन इकविदर का पति विशंभर सिंह परिवार की बात पुलिस के पास न जाए इसी चक्कर में पुलिस से शिकायत नहीं दी। इकविदर कौर को कोई परेशानी न हो इसलिए विशंभर अपनी पत्नी व डेढ़ साल के बच्चे के साथ होशियारपुर किराये के मकान में शिफ्ट हो गया था। इसके बावजूद भी जेठ अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
छह माह पहले होशियारपुर हुए थे शिफ्ट
इकविदर के पिता नरिंदर सिंह निवासी डोगरां ने बताया कि इकविदर व उसका पति छह माह पहले गुरदासपुर से साहिबजादा अजीत सिंह नगर में रहने के लिए आ गए। विशंबर गुरुद्वारा साहिब में ग्रंथी है। सबकुछ धीरे-धीरे ठीक होने लग गया था, लेकिन इस बीच इकविदर को कहीं न कहीं यह शंका थी कि जब भी जेठ मिलेगा उसे तंग जरूर करेगा, परंतु विशंभर उसे दिलासा देता था कि अब ऐसी नौबत नहीं आएगी।
दस दिन पहले गए थे शादी में गांव, फिर किया जेठ ने झगड़ा
नरिदर सिंह ने बताया 10 दिन पहले इकविदर अपने पति के साथ ससुराल में एक शादी समारोह में गई थी। इस दौरान उसके जेठ ने उससे झगड़ा किया। इकविदर ने एक बार फिर पुलिस में जाने की बात कही, लेकिन इस बार भी विशंभर टाल गया और चुपचाप इकविदर को वापस ले आया। इसी दिन से इकविदर परेशान चल रही थी। उस पर उसके जेठ ने कई बार हाथ भी उठाया था। जब वह वापस होशियारपुर आ गए तो रविवार सुबह इकविदर ने अपने पति से कहा कि वह कोई कानूनी कार्रवाई करवाए। विशंभर ने अपने ससुर को फोन किया और सारी बात बताई। नरिदर सिंह ने बताया कि उसने इस बारे में इकविदर को समझाने का आश्वासन दिया था। इस दौरान विशंभर किसी काम से घर से बाहर गया तो इकविदर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पिता के बयान पर जेठ, जेठानी व पति पर मामला दर्ज
थाना मॉडल टाउन के एसएचओ विक्रम सिंह ने बताया कि इकविदर कौर के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने इकविदर के पति विशंभर सिंह, जेठ सुरजीत सिंह व जेठानी सुखी के खिलाफ मामला कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। नरिदर सिंह ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि इकविंदर के पति ने अपने भाई पर कोई कार्रवाई नहीं करवाई और इससे तंग आकर इकविदर ने जान दे दी। इस मामले में विशंभर भी उतना ही जिम्मेदार है जितना कि उसका जेठ सुरजीत सिंह व जेठानी सुखी।