सिद्धू में हिम्मत है तो भ्रष्ट मंत्रियों पर करें कार्रवाई: डा. सुभाष
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू में अगर हिम्मत है तो अपनी सरकार के भ्रष्ट मंत्रियों पर कार्रवाई करके जनता को इंसाफ दिलाए।
जागरण टीम, होशियारपुर : पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिद्धू में अगर हिम्मत है, तो अपनी सरकार के भ्रष्ट मंत्रियों पर कार्रवाई करके जनता को इंसाफ दिलाए। यह चुनौती प्रदेश भाजपा महामंत्री डा. सुभाष शर्मा ने होशियारपुर में जिलाध्यक्ष निपुण शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित जिला कार्यकारिणी बैठक में दी। इससे पहले जिलाध्यक्ष निपुण शर्मा ने पार्टी नेतृत्व व कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। इसके बाद जिला इकाई की ओर से महामंत्री मीनू सेठी ने केंद्र सरकार के बेमिसाल सात साल व पंजाब में कांग्रेस की दमनकारी सरकार के खिलाफ राजनीतिक प्रस्ताव पेश किया। डा. शर्मा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कैप्टन सरकार के मंत्रियों ने खजाने पर काली नजरें डाल सूबे को बर्बादी के कगार पर लाकर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार के अलग अलग मंत्रियों पर घोटालों के आरोप लग रहे है, लेकिन कैप्टन या कांग्रेस पार्टी अपने चहेतों पर कार्रवाई करने से पीछे हट गई है। किसानों की आड़ में कांग्रेस के गुंडे अराजकता का माहौल पंजाब में बना रहे हैं।
पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद ने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई अब कमरे से निकल कर सड़क पर आ गई है। इससे साफ साबित हो गया कि इन्हें पंजाब की जनता का कोई ख्याल नहीं है। प्रदेश आइटी सेल को-कन्वीनर प्रतीक आहलूवालिया ने कहा कि विपक्षी पार्टियों ने इंटरनेट मीडिया में केंद्र सरकार की छवि धूमिल करने के लिए झूठ का सहारा लेकर भ्रामक प्रचार किया है। इस मौके पर जिला होशियारपुर के पदाधिकारियों के अलावा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, मंडल व मोर्चा अध्यक्ष समेत कार्यकर्ता मौजूद थे।