पूर्व मंत्री सूद के गेट पर गोबर फेंकने का मामला : किसान संगठनों का पांच घंटे तक धरना
पिछले दिनों शालीमार नगर में पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद के आवास के गेट पर गोबर फेंकने के मामले में दर्ज पर्चे को रद करवाने के लिए विभिन्न किसान संगठनों ने मिनी सचिवालय के समक्ष धरना दिया। पांच घंटे तक प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नेताओं को निशाने पर लिया।
संवाद सहयोगी, होशियारपुर : पिछले दिनों शालीमार नगर में पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद के आवास के गेट पर गोबर फेंकने के मामले में दर्ज पर्चे को रद करवाने के लिए विभिन्न किसान संगठनों ने मिनी सचिवालय के समक्ष धरना दिया। पांच घंटे तक प्रदर्शनकारियों ने भाजपा नेताओं को निशाने पर लिया। सोमवार सुबह दस बजे शुरू धरना बाद दोपहर तीन बजे तक चलता रहा। एसएसपी नवजोत सिंह माहल के आश्वासन के बाद सारे प्रकरण को लेकर सिट बिठाई गई है। तमाम पहलुओं पर तफ्तीश करके जल्द ही मामला साफ हो जाएगा। दूसरी तरफ, मौके की नजाकत को भांपते हुए पुलिस की ओर से सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। पुलिस ने तीक्ष्ण सूद की कोठी को चारों तरफ से सील किया था। वहीं धरने में महिलाएं भी शामिल थीं। बता दें कि एक जनवरी को तीक्ष्ण सूद के आवास पर गोबर फेंका गया था। इस संबंध में पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास और घर में घुसने के आरोप में मामला दर्ज किया था। हालांकि, अभी पुलिस खुलकर कुछ नहीं बता रही है, मगर पता चला है कि पुलिस ने धारा 307 (हत्या का प्रयास) रद करने का आश्वासन दिया है। दूसरी ओर, पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद ने कहा कि बयानों और तथ्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। अगर पर्चा रद हुआ तो भाजपा विचार करेगी कि आगे क्या करना है।
किसान संगठनों का मजाक किसी भी कीमत पर नहीं सहन : सतनाम
मिनी सचिवालय के बाहर धरने में सियासी नेताओं को चेतावनी देते हुए किसान नेता सतनाम सिंह साहनी ने कहा कि किसान संगठनों का मजाक किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, पंजाब के साथ हरियाणा व देश के अन्य राज्यों से आए किसान डेढ़ महीने से कड़कती सर्दी में कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ धरना लगाकर बैठे हैं और पंजाब के कुछ नेता केंद्र के इशारे पर माहौल को खराब करना चाहते हैं। भाजपा नेता तीक्ष्ण सूद ने भी किसानों का मजाक उड़ाते हुए कहा था कि किसान धरना देने नहीं, पिकनिक मनाने गए हैं। इसके विरोध में किसानों ने गोबर कांड को अंजाम दिया था।
नेता को सबक सिखाने के लिए पति पर है गर्व
धरना स्थल पर अपने बेटे और परिवार के साथ पहुंची गुरनाम सिंह की पत्नी हरप्रीत कौरा ने पूरे आत्मविश्वास से कहा कि गर्व है अपने पति पर..जिसने इतनी जल्दी किसानों का मजाक उड़ाने वाले नेता को उसके किए की सजा दी है। अगर अब भी भाजपा नेता गलत बयानबाजी से नहीं रुके तो उसके अंजाम और भी भयानक होंगे
किसानों की जान पिकनिक में नहीं गई : प्रितपाल
दिल्ली से धरनास्थल पर पहुंचे टांडा के प्रितपाल सिंह ने तीक्ष्ण सूद पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा नेता ने यह तो बयान दे दिया कि दिल्ली में किसान धरना देने नहीं, पिकनिक मनाने गए हैं, मगर उस नेता को यह पता होना चाहिए कि धरनास्थल पर एक दो नहीं, 55 किसान अब तक किसानी को बचाने के लिए जान दे चुके हैं और कुछ तो ऐसे लोग भी थे जो मां बाप की इकलौती संतान थे। ऐसी बयानबाजी से पहले भाजपा नेताओं को सौ बार सोचना चाहिए।
एक दिन किसानों के साथ बिताए तो पता चले : कुलदीप
कुलदीप सिंह रायपुर ने कहा कि इतनी सर्दी में एक पल भी घर से बाहर रहना बहुत मुश्किल है। अगर तीक्ष्ण सूद को लगता है कि किसान दिल्ली में पिकनिक मनाने गए हैं तो वह केवल एक दिन किसानों के साथ बिताए तो पता चले कि वह पिकनिक मना रहे हैं या फिर किसानी को बचाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इस अवसर पर हरमिद्र सिंह खुड्डा, गुरपाल सिंह पाला, मनजीत सिंह, गुरनाम सिंह सिगड़ीवाला, हाकम चौधरी, शिगारा सिंह, लारेंस चौधरी, गंगा प्रसाद और विकास हंस के साथ सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे।
पुलिस कर रही है तफ्तीश : एसपी
एसपी हेड क्वार्टर रमिदर सिंह ने कहा कि मामले को लेकर उनके नेतृत्व में सिट बिठाई गई है। तफ्तीश की जा रही है। जल्द ही रिपोर्ट सौंप कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।