घायल बेसहारा गायों को गोशाला में लाकर इलाज करवा रहे हैं हरविदर कुमार व शाम मुरारी
दैनिक जागरण की टीम ने मां कामाक्षी गोधाम में व्यवस्था व सुंिवधाओं की पड़ताल की। इस दौरान देखा कि गंभीर रूप से घायल और बीमार बेसहारा गाय का इलाज किया जा रहा है।
संवाद सहयोगी, दातारपुर : दैनिक जागरण की टीम ने मां कामाक्षी गोधाम में व्यवस्था व सुंिवधाओं की पड़ताल की। इस दौरान देखा कि गंभीर रूप से घायल और बीमार बेसहारा गाय का इलाज किया जा रहा है। सड़क पर हादसों का शिकार बन रहे गोधन को यहां पर लाकर राहत दी जा रही है। गोसदन के प्रधान सेवक एक्सईएन हरविदर कुमार व शाम मुरारी ने बताया कि कुछ दिन पहले गाय कंडी नहर के किनारे की सड़क पर गंभीर हालत में पड़ी थी। किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारकर घायल कर दिया था। इसके चलते लोगों की मदद से गोमाता को गाड़ी में रखकर गोसदन में ले आए और उसकी सेवा शुरू की गई। हरविदर कुमार व शाम मुरारी ने बताया कि अभी भी गाय की हालत गंभीर बनी हुई है। एक टांग की हड्डी टूटी हुई है। इस पर प्लास्टर चढ़वाया गया और हर रोज दो बोतल ग्लूकोज व अन्य इंजेक्शन दिए जा रहे हैं। दोनों गो सेवकों ने और दो गायों को दिखाया जो विभिन्न दुर्घटनाओं में घायल हो गई थी और उनका इलाज जारी है। हरविदर कुमार व शाम मुरारी ने बताया कि कहीं भी बेसहारा गाय की बीमारी अथवा हादसाग्रस्त होने की खबर मिलती है तो वे तत्काल प्रभाव से गोमाता को गोसदन में ले आते हैं। उन्होंने पहले भी दुर्घटनाओं में घायल हो चुकी गायों को गोशाला में लाकर इलाज करवाया है और कइयों के प्राणों की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि गाय हमारी माता है और उसे कष्ट हो, तो हमारा मन द्रवित हो जाता है।