विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रेमिका को पाने के लिए पति को उतारा मौत के घाट, 5 सालों से करता था एकतरफा प्यार; 9 दिन बाद पहाड़ी से मिला शव

Published: Sat, 12 Sep 2026 06:02 PM (GMT+05:30)

होशियारपुर में चार साल पुराने प्रेम संबंध के चलते एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। कथित प्रेमी ने अपने ...और पढ़ें

मृतक संदीप का फाइल फोटो। जागरण

मृतक संदीप का फाइल फोटो। जागरण

HighLights

  1. चार साल पुराने प्रेम संबंध में पति की हत्या।

  2. होशियारपुर से अगवा कर तलवाड़ा में फेंका शव।

  3. कथित प्रेमी सहित तीन आरोपी पुलिस हिरासत में।

जागरण संवाददाता, होशियारपुर। चार साल पुराने प्रेम संबंध में पति रोड़ा बना तो कथित प्रेमी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। होशियारपुर के नलोइयां चौक से नौ दिन पहले अगवा किए गए संदीप कुमार की लाश तलवाड़ा के पास संसारपुर गांव के बाहर पहाड़ी से बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने संदीप की गला घोंटकर हत्या की और शव को पहाड़ी पर फेंककर फरार हो गए। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने कथित प्रेमी सुखबीर कुमार उर्फ सुखा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में हत्या की वजह प्रेम संबंध बताई जा रही है।

दूसरी शादी से परेशान था प्रेमी, पति बना निशाना

थाना मॉडल टाउन के प्रभारी बलजिंदर सिंह मल्ली ने बताया कि संदीप कुमार की पत्नी रंजीत कौर निवासी असलमाबाद, हाल निवासी नलोइयां चौक ने पुलिस को शिकायत दी थी। उसने बताया कि यह उसकी दूसरी शादी थी। पहले पति की मौत के बाद करीब आठ महीने पहले उसने संदीप कुमार से शादी की थी।

3 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे संदीप खाना लेने नलोइयां चौक गया था। कुछ देर बाद पत्नी ने फोन किया तो संदीप ने उसे जल्दी आने को कहा। इसके बाद दोबारा फोन करने पर मोबाइल बंद मिला। संदीप के घर नहीं लौटने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उस समय अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पिता के बयान से खुली अपहरण की परत

संदीप के पिता तृप्त शत्रुधन साहनी के बेटे सुंदर साहनी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसके बेटे को हरगुरदीप सिंह निवासी गुरी, गुरदासपुर, सुखबीर कुमार उर्फ सुखा निवासी बजवाड़ा और रोहित कुमार निवासी महल्ली ब्राह्मणा ने गाड़ी नंबर पीबी-10-ईसी-2220 में अगवा किया है। पिता ने बेटे की जान को खतरा बताया था।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, फोन रिकॉर्ड और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। तकनीकी जांच के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा शुरू किया। पहले एक आरोपी को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर बाकी दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गाड़ी में बैठाकर पहाड़ी पर ले गए

थाना प्रभारी के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सुखा ने अपने साथियों के साथ मिलकर संदीप को नलोइयां चौक से अगवा किया था। इसके बाद उसे तलवाड़ा के पास संसारपुर गांव के बाहर पहाड़ी पर ले जाया गया, जहां गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।

हत्या के बाद शव वहीं फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार, सुखा के संदीप की पत्नी रंजीत कौर के साथ चार-पांच साल से प्रेम संबंध थे। वह रंजीत कौर को अपने साथ रखना चाहता था। रंजीत कौर की संदीप से शादी होने के बाद वह परेशान था। पुलिस का कहना है कि इसी कारण उसने संदीप को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

नौ दिन तक परिवार करता रहा तलाश

संदीप के अचानक गायब होने के बाद परिवार लगातार उसकी तलाश कर रहा था। अपहरण के मामले में पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ ही आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास तेज किए गए।

अब शव मिलने के बाद परिवार को बेटे की मौत की खबर मिली है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या में इस्तेमाल गाड़ी और अन्य साक्ष्य जुटा रही है। मामले की जांच जारी है।