Road Safety: होशियारपुर में दूर की जाएंगी सड़कों पर खामियां, ट्रैफिक नियम तोड़ने पर एक्शन होगा सख्त
होशियारपुर में डीएसपी ट्रैफिक रविंदर सिंह ने कहा कि अवैध कट बंद किए जाएंगे और अवैध पार्किंग पर रोक के लिए थानों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। अभिभावकों को समझनी होगी अपनी जिम्मेदारियां नाबालिगों को न चलाने दें दोपहिया वाहन।
हजारी लाल, होशियारपुर। सड़कों पर सुरक्षित सफर के लिए पुलिस वचनबद्ध है। जो खामियां हैं उन्हें दूर की जाएंगी और हर हाल में ट्रैफिक नियमों का पालन करवाया जाएगा। सड़कों पर अवैध कट बंद किए जाएंगे। सांकेतिक बोर्ड लगाएं जाएंगे। सड़कों के किनारे पर अवैध पार्किंग न हो, इसके लिए जिले के सभी थानों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर सख्ती की जा रही है। दैनिक जागरण का यह महाअभियान सराहनीय पहल है। सर्दी के मौसम में धुंध से निपटने के लिए और सड़कों की तमाम खामियों को लेकर डीएसपी ट्रैफिक रविंदर सिंह से सीधे सवाल दागे गए।
उन्होंने कड़े अंदाज में कहा कि कुछ खामियां उनके ध्यान में आई हैं, उन्हें बिना देरी के दूर किया जाएगा। प्रस्तुत है सवाल और जवाब के मुख्य अंश :
सवाल- कुछ दिनों में धुंध का दौर शुरू हो जाएगा। ज्यादातर हादसे इसी कारण होते हैं। हादसे न हों, इसके लिए जिला ट्रैफिक विभाग की क्या तैयारी है?
जवाब- धुंध से निपटने के लिए सड़कों पर वाइट और येलो लाइन लगाई जा रही है। साथ ही तीखे मोड़ों पर रात में दूर से दिखने वाले सांकेतिक बोर्ड लगा दिए जाएंगे।
सवाल- जिले में हाईवे पर कई जगह सांकेतिक बोर्ड और बाटलनेक पुलों पर रिफ्लेटर के इंतजाम नहीं हैं, इस कमी को दूर करने के लिए क्या किया जा रहा है?
जवाब - ऐसे जगहों की शिनाख्त करके सांकेतिक बोर्ड और रिफ्लेक्टर लगाए जाएंगे। इसके लिए संबंधित विभागों को लिखा जाएगा।
सवाल - हाईवे पर अवैध कटों पर होने वाले हादसों को रोकने के लिए क्या किया जा रहा है?
जवाब- निश्चित तौर पर अवैध कटों के कारण हाईवे पर हादसे का खतरा बना रहता है। ट्रैफिक कर्मचारियों से अवैध कटों की शिनाख्त करवाकर उन्हें बंद करवाने के लिए पहल करेंगे।
सवाल - ओवर स्पीड वाहनों से भी हादसे हो रहे हैं। आपके पास तो स्पीड इंटरसेप्टर भी उपलब्ध नहीं हैं? यह तो ओवर स्पीड वाहन चालकों को नियम तोड़ने की आजादी देने जैसा है? ऐसे चालकों को कैसे कंट्रोल करेंगे? इंटरसेप्टर हासिल करने के लिए आपने अब तक क्या किया?
जवाब- जिले में एक स्पीड इंटरसेप्टर है। बीच में तकनीकी खराबी की वजह से उसका उपयोग नहीं हो रहा था। वह ठीक करवा लिया गया है। हर दिन विभिन्न सड़कों पर स्पीड इंटरसेप्टर की मदद से तेज रफ्तार वाहन चालकों पर कार्रवाई होगी। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को मुस्तैद कर दिया जाएगा।
सवाल - जिले की हर सड़क पर नाबालिग वाहन चलाते दिखाई देते हैं, उनके पास तो लाइसेंस भी नहीं होता। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं हो रही?
जवाब - यह वाकई में गंभीर समस्या है। अभिभावकों को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। पुलिस कर्मचारियों को नाबालिग वाहन चालकों पर सख्ती बरतने की हिदायत दी गई है। मेरी अपील है कि अभिभावक नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें।
सवाल - क्या वाहनों और सड़कों के अनुपात में ट्रैफिक पुलिस की नफरी सही है या कम है? अगर कमी है तो इसे बढ़ाया क्यों नहीं जा रहा?
जवाब- आबादी तो बढ़ी है। मैं इससे इंकार नहीं कर सकता है कि नफरी कम नहीं है, मगर जो कर्मचारी हैं उनसे ही अच्छे ढंग से काम लिया जा रहा है। नई भर्ती हो रही है। थोड़ी बहुत रहती नफरी की समस्या भी जल्द दूर हो जाएगी।
सवाल- जिले की अंदरूनी सड़कों पर रांग साइड ड्राइविंग और अवैध पार्किंग भी बड़ी समस्या है, जाम लगने से आमजन परेशान होते हैं। व्यवस्था न बिगड़े इसे दूर करने के लिए क्या कार्रवाई की जाएगी?
जवाब- निश्चत तौर पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में यह अड़चन पैदा करती है। लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। रांग साइड ड्राइविंग पर सख्ती बरती जा रही है। रही बात सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग की तो इसके लिए संबंधित थानों की जिम्मेदारी तय की जाएगी कि उनके इलाके में अवैध पार्किंग न होने पाए। वह खुद चेकिंग करेंगे। जिस थाने के दायरे में यह समस्या मिली, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
सवाल - रात में बहुत सारे वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हैं। इससे हादसे भी होते हैं। पुलिस के पास अल्कोमीटर की क्या स्थिति है?
जवाब - पुलिस के पास अल्कोमीटर है। सर्दी के मौसम में पुलिस की स्पेशल टीम बनाई जाएगी, जो रात में अल्कोमीटर की मदद से शराबी वाहन चालकों पर शिकंजा कसेंगे।