दसूहा के युवक की हार्ट अटैक से मलेशिया में मौत
रोजगार के लिए मलेशिया में गए दसूहा के गांव बेरछा के युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। युवक की पहचान सोहन लाल (29) पुत्र कर्मचंद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह तीन बहनों का इकलौता भाई था।
संवाद सहयोगी, दसूहा: रोजगार के लिए मलेशिया में गए दसूहा के गांव बेरछा के युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। युवक की पहचान सोहन लाल (29) पुत्र कर्मचंद के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वह तीन बहनों का इकलौता भाई था। लगभग एक साल दो महीने पहले सोहन लाल मलेशिया गया था। सोहन की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सोहन के पिता कर्मचंद ने बताया कि सोहन लाल लेबर के काम में मलेशिया गया था। लगभग एक लाख 20 हजार रुपये कर्ज लेकर उसे भेजा था। अभी तो उसने कर्ज भी नहीं लौटाया था। गांव के कुछ लड़के जो मलेशिया में सोहन के साथ थे, उन्होंने होली वाले दिन फोन पर बताया कि उनके बेटे की मौत हो गई है। कर्मचंद ने बताया कि वहीं परिवार का सहारा था। विदेश जाने के बाद उन्हें कुछ उम्मीद बंधी थी कि अब परिवार की गरीबी दूर हो जाएगी। जानकारी के अनुसार सोहन की एक बहन की कुछ समय पहले ही शादी हुई थी और एक बहन का तलाक हो चुका है, एक बहन मंदबुद्धि है। रोते बिलखते हुए सोहन के पिता ने कहा कि भगवान ने उनका सहारा ही छीन लिया। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनके बेटे का शव जल्द से जल्द भारत लाया जाए।