होशियारपुर के कांस्टेबल की निकली लॉटरी, बना करोड़पति
होशियारपुर में तैनात कांस्टेबल अशोक कुमार की डेढ़ करोड़ की लोहड़ी बंपर लॉटरी निकली है। असोक ने लोहड़ी से पंद्रह दिन पहले ही लॉटरी का टिकट थाने में ही खरीदा था।
जेएनएन, होशियारपुर। थाना सदर होशियारपुर में तैनात कांस्टेबल अशोक कुमार की डेढ़ करोड़ की लोहड़ी बंपर लॉटरी निकली है। पहले जब लॉटरी विक्रेता ने उन्हें लॉटरी बंपर निकलने की जानकारी दी तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ, मगर जब उन्होंने ऑनलाइन चेक किया तो वह खुशी से झूम उठे।
थाना सदर में तैनात कांस्टेबल अशोक कुमार मूलरूप से माहिलपुर के रहने वाले हैं। लोहड़ी से पंद्रह दिन पहले ही उन्होंने लॉटरी का टिकट थाने में ही खरीदा था। उन्होंने कहा कि वह थाने का काम निपटा रहे थे। इसी दौरान टिकट विक्रेता उनके पास आया और टिकट खरीदने की बात कही।
पहले तो उन्होंने उसे मना कर दिया, लेकिन बाद में (बी-225585) नंबर का टिकट खरीद लिया। कांस्टेबल अशोक कुमार बताते हैं कि वह टिकट खरीदने के शौकीन नहीं है। हालांकि इससे पहले दीपावली बंपर खरीदा था। वीरवार को टिकट विक्रेता ने फोन से इसकी जानकारी दी।
अशोक ने बताया कि करोड़पति बनने से उन्हें बहुत खुशी हुई है। पहले तो उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि उनकी लॉटरी लगी है। अब वह अपनी ख्वाहिशों को पूरा करेंगे। उनके पिता सुरेंद्र कुमार का लकड़ी का व्यवसाय है। वह कुछ पैसा उनमें लगाएंगे तथा अपने दो भाइयों का करियर बनाने में मदद करेंगे। अभी अशोक की शादी नहीं हुई है।