हिमालय परिवार ने की पर्यावरण संरक्षण की पहल
हिमालय परिवार पंजाब ने पर्यावरण को बचाने के लिए कपडे़ के थैलों का विमोचन किया।
संवाद सहयोगी, मुकेरियां : हिमालय परिवार पंजाब ने पर्यावरण को बचाने के लिए कपडे़ के थैलों का विमोचन किया। यह विमोचन हिमालय परिवार के राष्ट्रीय प्रमुख डॉ. इंद्रेश कुमार ने किया। उन्होंने कपड़े के थैले का प्रयोग करने के लिए लोगों को प्रेरित किया। डॉ. इंद्रेश कुमार ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण हमारे पर्यावरण को काफी तेजी से नुकसान पहुंचा रहा है। प्लास्टिक पदार्थों से उत्पन्न कचरे का निस्तारण काफी कठिन होता है और पृथ्वी पर प्रदूषण में इसका काफी अहम योगदान है।
प्लास्टिक बैगों, बर्तनों और फर्नीचर के बढ़ते इस्तेमाल के वजह से प्लास्टिक के कचरे में काफी वृद्धि हुई है, जिससे प्लास्टिक प्रदूषण जैसी भीषण समस्या उत्पन्न हो गई है। इस पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। प्लास्टिक मनुष्य, जीव-जंतुओं और पेड़-पौधों के लिए भी बहुत हानिकारक है। प्लास्टिक के कारण प्रति वर्ष कई जीव-जंतुओं और समुद्री जीवों की मौत हो जाती है। प्लास्टिक की वस्तुएं काफी किफायती और इस्तेमाल करने में काफी आसान होती है, जिससे लोग बाद में होने वाली साफ-सफाई के झंझटों से बचने के लिए कार्यक्रमों और उत्सवों में इनका इस्तेमाल करके फेंक देते हैं। वह यह भूल जाते हैं कि यह कचरा इतनी आसानी से खत्म नहीं होगा। इस दौरान हिमालय परिवार पंजाब के अध्यक्ष परमजीत सिंह गिल, महासचिव कुलबीर सिंह, प्रभारी ऋषि वालिया के अलावा अन्य उपस्थित थे।