नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के प्रयास पर पिता गया जेल, जमानत पर बाहर आते ही कर दी हत्या
होशियारपुर में एक सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी से दुष्कर्म का प्रयास किया। उसे जेल जाना पड़ा लेकिन जब वह जमानत पर आया तो उसने बेटी की हत्या कर दी।
जेएनएन, होशियारपुर। मोहल्ला टिब्बा साहेब में सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी की हत्या कर दी। फरवरी महीने में नाबालिग ने सौतेले पिता पर दुष्कर्म प्रयास का आरोप लगाया था। सौतेले पिता पर दुष्कर्म की कोशिश का केस दर्ज हुआ और उसे जेल जाना पड़ा था। मई के अंत में वह जेल से जमानत पर बाहर आ गया। 25 जुलाई की रात को सौतेले पिता ने नाबालिग बेटी की हत्या कर दी और उसकी मां के साथ मिलकर चुपचाप शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया।
पड़ोसी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित सौतेले पिता पर हत्या का केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार लिया है।शनिवार 25 जुलाई को नाबालिग की संदिग्ध मौत के बाद उसकी मां और सौतेले पिता का कहना था कि बेटी रात को बीमार हुई थी। पेट में दर्द की शिकायत कर रही थी। उलटी और दस्त के कारण सुबह पांच बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद रविवार दोपहर को उन्होंने शव का अंतिम संस्कार भी कर दिया।
नाबालिग की मां और सौतेले पिता की कहानी स्थानीय लोगों और पुलिस के गले नहीं उतर रही थी। सौतेला पिता 29 मई को जेल से जमानत पर बाहर आया था। कुछ दिन इधर-उधर रहने के बाद वह फिर से आकर अपने घर में रहने लगा था। पड़ोसियों ने शक जताया कि साजिश के तहत नाबालिग की हत्या की गई है। पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना माडल टाउन के प्रभारी बलविंदर सिंह जौड़ा का कहना है कि मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। आरोपित पर पहले भी बेटी ने दुष्कर्म की कोशिश का केस दर्ज करवाया था। अंतिम संस्कार की राख को फॉरेंसिक जांच के लिए अमृतसर भेजा गया है। आरोपित को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।
यह भी पढ़ें: कृषि अध्यादेशों के खिलाफ सड़क पर उतरे किसान, पंजाब भाजपा अध्यक्ष का घर घेरा
यह भी पढ़ें: किसानों के लिए अच्छी खबर, हरियाणा में 31 जुलाई तक हो सकेगा इन चार फसलों का बीमा
यह भी पढ़ें: भारत-पाक सीमा से सटा बमियाल सेक्टर फिर सुर्खियों में, पाक ने बनाया नशा तस्करी का अड्डा