विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांधी जयंती पर भी पंजाब के होशियारपुर में छलके जाम, खुले रहे ठेके; लोगों ने खरीदी शराब

Published: Fri, 02 Oct 2026 08:41 PM (IST)Updated: Fri, 02 Oct 2026 08:45 PM (IST)

गांधी जयंती पर तलवाड़ा में ड्राई डे के बावजूद शराब के ठेके खुले रहने और बिक्री के आरोप लगे हैं। ...और पढ़ें

पंजाब के होशियारपुर में गांधी जयंती पर खुले शराब के ठेके। फोटो जागरण

पंजाब के होशियारपुर में गांधी जयंती पर खुले शराब के ठेके। फोटो जागरण

HighLights

  1. गांधी जयंती पर तलवाड़ा में ड्राई डे के नियमों का उल्लंघन हुआ।

  2. स्थानीय लोगों ने शराब के ठेके खुले रहने और बिक्री के आरोप लगाए।

  3. प्रशासन और आबकारी विभाग से निष्पक्ष जांच व कार्रवाई की मांग।

राकेश शर्मा, तलवाड़ा (होशियारपुर)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सरकार द्वारा घोषित ड्राई डे के बावजूद तलवाड़ा क्षेत्र में शराब के देसी और अंग्रेजी ठेके खुले रहने तथा कथित तौर पर शराब की बिक्री किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि निर्धारित प्रतिबंध के बावजूद क्षेत्र के कई शराब ठेके शाम करीब पांच बजे के बाद भी खुले दिखाई दिए और वहां शराब की बिक्री होती रही।

स्थानीय लोगों के अनुसार, गांधी जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष शराब की बिक्री पर प्रतिबंध रहता है। इसके बावजूद इस बार तलवाड़ा के विभिन्न हिस्सों में कुछ शराब की दुकानें सामान्य दिनों की तरह खुली दिखाई दीं। लोगों का आरोप है कि मेन बाजार, बस स्टैंड, पौंग बांध मार्ग तथा पुलिस चैक पोस्ट के समीप स्थित शराब के ठेकों के अलावा पंजाब-हिमाचल सीमा के आसपास भी कथित रूप से शराब की बिक्री जारी रही।

स्थानीय लोगों ने खड़े किए सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि यदि ड्राई डे के दौरान शराब की दुकानें खुली रहने और बिक्री किए जाने के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह सरकारी आदेशों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित प्रशासन और आबकारी विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में कुछ शराब की दुकानें सामान्य दिनों में भी निर्धारित समय के बाद देर रात तक खुली रहती हैं। उनका कहना है कि ड्राई डे जैसे विशेष अवसर पर भी यदि नियमों की अनदेखी होती है तो आबकारी विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

WhatsApp Image 2026-10-02 at 7.38.48 PM

आबकारी विभाग ने नहीं किया अपना पक्ष स्पष्ट

मामले को लेकर जिला आबकारी अधिकारी प्रीत भूपिंदर सिंह और एटीसी हनुमंत सिंह से उनका पक्ष जानने के लिए कई बार फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद दोनों अधिकारियों को व्हाट्सऐप के माध्यम से भी मामले से संबंधित संदेश भेजकर उनका पक्ष मांगा गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई।

अब देखना यह होगा कि आबकारी विभाग की ओर से तलवाड़ा क्षेत्र में ड्राई डे के दौरान शराब की दुकानें खुले रहने और कथित बिक्री के आरोपों की जांच की जाती है या नहीं। जांच के बाद यदि नियमों का उल्लंघन सामने आता है, तो विभाग की ओर से संबंधित ठेकेदारों या जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर लोगों की नजर बनी हुई है।