आओ इस धरा को सुंदर बनाएं..
विश्व पर्यावरण दिवस लगभग 100 से भी अधिक देशों के लोगों द्वारा पांच जून को मनाया जाता है।
संवाद सहयोगी, दातारपुर: विश्व पर्यावरण दिवस लगभग 100 से भी अधिक देशों के लोगों द्वारा पांच जून को मनाया जाता है। इस कार्यक्रम को हर साल मनाने की शुरुआत 1973 से हुई। इसका वार्षिक कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र के द्वारा घोषित किया गया। वन रेंज अधिकारी दलजीत कुमार ने यह बातें कहीं। इस अभियान के आयोजन के माध्यम से संयुक्त राष्ट्र लोगों को पर्यावरण के बारे में जागरूकता और प्रोत्साहन को बढ़ावा देता है। यह सकारात्मक सार्वजनिक गतिविधियां और राजनीतिक ध्यान प्राप्त करने के लिए प्रभावी वार्षिक अभियान है। दलजीत कुमार ने कहा इसे अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन पूरे विश्व में किया जाता है। विभिन्न क्रियाएं जैसे-निबंध लेखन, पैराग्राफ लेखन, भाषण, नाटक का आयोजन, सड़क रैलियां, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, कला और चित्रकला प्रतियोगिता, परेड, वाद-विवाद आदि का आयोजन किया जाता है।
उन्होंने कहा विश्व पर्यावरण दिवस वाले दिन पौधारोपण के साथ सभी प्रकार की हरियाली वाली गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और लोगों को इस खूबसूरत ग्रह की बुरी परिस्थितियों की ओर ध्यान देने के लिए आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा धरती को हरा भरा रखने के लिए वन विभाग बरसात के मौसम में लोगों को मुफ्त पौधे मुहैया करवाता है, लोग यह पौधे लगाकर खाली जगह लगाकर पर्यावरण सहेजने में अपना योगदान दें। इस अवसर पर उनके साथ मंगल सिंह, मक्खन सिंह, महिदर सिंह, परमिदर सिंह भी उपस्थित थे।