कोरोना के कारण छह लोगों की मौत और 125 केस भी मिले
कोरोना का संकट गहराता जा रहा है। अनलाक होने के बाद इसकी रफ्तार तेजी से बढ़ी है और पाजिटिव मामलों के साथ-साथ मौतों की गिनती में इजाफा हो रहा है। हालांकि लाकडाउन के दौरान मौतों का आंकड़ा काफी कम था और केवल पाजिटिव मामले आ रहे थे वह भी काफी कम।
जागरण संवाददाता, होशियारपुर : कोरोना का संकट गहराता जा रहा है। अनलाक होने के बाद इसकी रफ्तार तेजी से बढ़ी है और पाजिटिव मामलों के साथ-साथ मौतों की गिनती में इजाफा हो रहा है। हालांकि लाकडाउन के दौरान मौतों का आंकड़ा काफी कम था और केवल पाजिटिव मामले आ रहे थे वह भी काफी कम। इसके साथ मरीज भी तेजी से रिकवर हो रहे थे। एक समय तो ऐसे लगने लगा कि यदि स्थिति कंट्रोल में रही तो जल्द ही कोरोना को अलविदा कह दिया जाएगा। लेकिन जैसे ही अनलाक हुआ तो लोगों ने जमकर गाइडलाइन की धज्जियां उड़ानी शुरू की और जिस डर को लेकर स्वास्थ्य विभाग लोगों को चेता रहा था वह सच हो गया। अब पहले से भी दोगुनी रफ्तार से मामले बढ़ रहे हैं। 24 घंटों में कोरोना के कारण छह और लोगों की मौत हो गई। वहीं 125 पाजिटिव मामले सामने आए हैं। 11 दिन में 90 लोग कोरोना का ग्रास बन चुके हैं और 1562 पाजिटिव मामले मिले हैं। इसके बावजूद संडे मार्केट में नियमों का पालन नहीं हुआ। इसके लिए जिम्मेदार प्रशासन का उदासीन रवैया है। अगर यही हालात रहे तो आने वाले दिन में कोरोना का ग्राफ और बढ़ेगा, इसलिए अभी भी संभल जाएं।
मरने वालों की संख्या 633 हो चुकी
रविवार को छह लोगों की मौत हुई है जबकि 125 पाजिटिव मामले सामने आए हैं। अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या 633 हो चुकी है। वहीं पाजिटिव मामलों की संख्या 15219 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण के साथ साथ सैंपल लेने में भी तेजी लाई है। सिविल सर्जन डा. रणजीत सिंह घोतड़ा ने बताया कि 1295 सैंपल लिए गए हैं जबकि 2186 सैंपलों की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। नए केसों में शहर के 20, अन्य स्वास्थ्य केंद्रों से 105 हैं। महामारी की शुरुआत से अब तक जिले में 4,08,170 सैंपल लिए गए हैं जिसमें से 3,91,508 सैंपल नेगेटिव हैं। वहीं 3066 सैंपलों की रिपोर्ट का इंतजार है। 202 सैंपल इनवैलेड हैं। जिले में अब 1207 एक्टिव केस हैं। राहत की बात यह है कि 14,585 लोग कोरोना से ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
इन इलाकों के थे मृतक
कोरोना से मरने वालों में दो महिलाएं व चार पुरुष हैं। इनकी पहचान दसूहा का रहने वाले 42 वर्षीय व्यक्ति, खेड़ा का रहने वाले 72 वर्षीय व्यक्ति, हरियाना की रहने वाली 58 वर्षीय महिला, ढोलवाहा का रहने वाले 58 वर्षीय व्यक्ति, मंड भंडेर की रहने वाली 65 वर्षीय महिला व डविडा अहिराना का रहने वाले 57 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई है। एक अप्रैल से अब तक केस व मौतें
तारीख मामले मौतें
01 अप्रैल 258 09
02 अप्रैल 183 09
03 अप्रैल 195 06
04 अप्रैल 172 07
05 अप्रैल 195 11
06 अप्रैल 155 07
07 अप्रैल 132 07
08 अप्रैल 115 12
09 अप्रैल 141 06
10 अप्रैल 149 10
11 अप्रैल 125 06
कुल : 1562 90