बहबल कलां गोली कांड: SIT के सामने 3 सितंबर को पेश होंगे विजय सांपला, मांगे जांच के दस्तावेज
विजय सांपला ने बहबल कलां गोली कांड की जांच कर रही एसआईटी के सामने 3 सितंबर को पेश होने का ...और पढ़ें

SIT के सामने 3 सितंबर को पेश होंगे विजय सांपला। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, होशियारपुर। बहबल कलां गोली कांड की जांच कर रही पंजाब पुलिस की एसआईटी ने पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्व अध्यक्ष, राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग, विजय सांपला को फिर 2 सितंबर को चंडीगढ़ में पेश होने के लिए सम्मन भेजा है।
इस संबंध में सांपला ने एसआईटी को पत्र लिखकर 3 सितंबर को पेश होने के लिए समय देने का अनुरोध किया है। सांपला ने कहा कि 2 सितंबर को उनके पहले से निर्धारित महत्वपूर्ण कार्यक्रम एवं बैठकें हैं, जिनके कारण उनके लिए उस दिन उपस्थित होना संभव नहीं है। उन्होंने एसआईटी को आश्वस्त किया कि वे 3 सितंबर को उपस्थित होकर जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
सांपला ने एसआईटी के समक्ष एक अन्य महत्वपूर्ण सवाल उठाते हुए कहा कि उनके द्वारा बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद एसआईटी की ओर से अभी तक उन्हें कोई भी संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जब मुझे यह पता ही नहीं है कि एसआईटी मुझे किस आधार पर बुला रही है, तो मैं किस आधार पर अपनी टिप्पणी या बयान दर्ज करवाऊं?”
उन्होंने कहा कि वे एसआईटी को पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हैं, लेकिन जांच को सही दिशा में ले जाने के लिए एसआईटी की ओर से भी उन्हें पूरा सहयोग मिलना आवश्यक है। सांपला ने मांग की कि जिन दस्तावेजों अथवा रिकॉर्ड के आधार पर उन्हें पूछताछ या बयान के लिए बुलाया जा रहा है, वे सभी संबंधित दस्तावेज उन्हें पहले उपलब्ध करवाए जाएं।
सांपला ने कहा कि मेरा उद्देश्य जांच से बचना नहीं, बल्कि जांच को सही दिशा में ले जाना है। मैं एसआईटी को पूरा सहयोग देने के लिए तैयार हूं, लेकिन एसआईटी भी मुझे पूरा सहयोग करे। यदि आवश्यक दस्तावेज ही उपलब्ध नहीं करवाए जाएंगे तो सरकार का समय, सिट का समय और मेरा समय व्यर्थ जाएगा तथा जांच से कोई ठोस परिणाम नहीं निकलेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि सही तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर ही कोई सही टिप्पणी अथवा बयान दिया जा सकता है। इसलिए उन्होंने एसआईटी से अपील की कि जांच को सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए उन्हें पूरे एवं संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि वे भी मामले के तथ्यों के आधार पर अपना पूरा सहयोग दे सकें।
