कोरोना में भी फायदेमंद है तुलसी: महंत राम दास
तुलसी साधारण पौधा नहीं बल्कि यह प्रदूषण नियंत्रक और पर्यावरण मित्र औषधीय गुणों से भरपूर है।
संवाद सहयोगी, दातारपुर : तुलसी साधारण पौधा नहीं, बल्कि यह प्रदूषण नियंत्रक और पर्यावरण मित्र औषधीय गुणों से भरपूर है। युगों से हमारे घरों में इस अमृततुल्य बूटी की स्थापना व सम्मान होता आया है। उदासीन आश्रम ढाडे कटवाल में महंत राम दास ने पर्यावरण दिवस तुलसी का महत्व बताते हुए कहा कि आज भी हमारे घरों में सुबह-शाम इसकी पूजा का विधान है। उन्होंने कहा कि आजकल जो महामारी फैली हुई है, उसमें भी इसका सेवन लाभकारी है। लोग मानते हैं कि जिस घर तुलसी वह घर निरोगी। आजकल भागमभाग की जीवनचर्या, छोटे-छोटे मकान, समय की कमी, पश्चिमी सभ्यता के प्रभाव से तुलसी का वह सम्मान नहीं रहा। तुलसी के जड़ से लेकर तना, पत्ते और मंजरी सभी औषधीय गुणों से भरपूर है। इसके पत्ते के सेवन से खांसी, दमा, बुखार, जुकाम, आंत रोग, महिला रोग आदि रोग दूर होते हैं। रासायनिक विश्लेषणों से भी सिद्ध हुआ है कि तुलसी कीटाणुनाशक होती है। उन्होंने पर्यावरण रक्षा के लिए तुलसी लगाने का आह्वान किया।