जिले में निश्शुल्क कानूनी सेवाओं के लिए किया जा रहा जागरूक
सीजेएम-कम-सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी अपराजिता जोशी लोक अदालत की जानकारी दी।
जागरण टीम, होशियारपुर : सीजेएम-कम-सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी अपराजिता जोशी ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायधीश-कम-चेयरमैन जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी अमरजोत भट्टी के निर्देशानुसार जिले में 14 नवंबर तक आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत पैन इंडिया जागरूकता व आउटरीच प्रोग्राम चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी व जिला प्रशासन के अलग-अलग विभागों की ओर से कानूनी साक्षरता संबंधी जागरूकता कैंप लगाए जा रहे हैं।
सीजेएम-कम-सचिव जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी अपराजिता जोशी ने अभियान संबंधी शहरों के साथ-साथ जिले के सभी 1405 गांवों में लोगों को उनके कानूनी अधिकारों संबंधी जागरूक किया जाएगा, जिसमें जिला विकास व पंचायत विभाग के अलावा आंगनबाड़ी वर्कर विशेष भूमिका निभा रहे हैं। इस मौके पर उन्होंने बताया कि इसी तरह अलग-अलग विभागों की ओर से इस राष्ट्रीयव्यापी जागरूकता अभियान में सहयोग देकर लोगों को कानूनी सेवाओं के प्रति जागरुक किया जाएगा, जिस संबंधी अलग-अलग विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक भी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरु क करना जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी का उद्देश्य है। इस लिए जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी की ओर से होशियारपुर में जरूरतमंदों को नि:शुल्क कानूनी सलाह व सहायता भी दी जा रही है, जिसके लिए कई गांवों में लीगल एड क्लीनिक भी खोले गए हैं। उन्होंने बताया कि लीगल लिटरेसी की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए जागरूकता कैपों का लगातार लगाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि नि:शुल्क कानूनी सहायता हासिल करने के लिए कोई भी जिला कानूनी सेवाएं अथारिटी के फ्रंट आफिस में संपर्क कर सकता है या वह टोल फ्री नंबर 1968, 15100 पर किसी भी समय संपर्क कर सकता है। इस मौके पर जिला विकास व पंचायत अधिकारी सर्बजीत सिंह बैंस, सहायक लोक संपर्क अधिकारी लोकेश कुमार, पीएलवी पवन कुमार भी मौजूद थे।