अवैध माइनिंग के खिलाफ आवाज उठाने वाले आप नेता जग्गी पर हमला, गंभीर घायल, लुधियाना रेफर किया
आम आदमी पार्टी से वर्ष 2017 में विधान सभा मुकेरियां से चुनाव लड़ चुके वरिष्ठ नेता सुलखन सिंह जग्गी पर कुछ अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियारों से कातिलाना हमला कर गंभीर घायल कर दिया।
संवाद सहयोगी, मुकेरियां : आम आदमी पार्टी से वर्ष 2017 में विधान सभा मुकेरियां से चुनाव लड़ चुके वरिष्ठ नेता सुलखन सिंह जग्गी पर कुछ अज्ञात लोगों ने तेजधार हथियारों से कातिलाना हमला कर गंभीर घायल कर दिया। शनिवार देर रात को जब वह अपनी दुकान से घर को जा रहे थे कि बागोवाल के पास एक गाड़ी में सवार कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी गाड़ी के आगे गाड़ी लगाकर रोक लिया। इससे पहले की आप नेता सुलखन सिंह जग्गी कुछ समझ पाते, छह-सात लड़कों ने उन्हें गाड़ी से निकाल कर उन पर तेजधार हथियारों से कातिलाना हमला कर दिया और उनकी गाड़ी तोड़ दी। सुलखन सिंह जग्गी अनुसार वह लोग उन्हें मरा हुआ समझ कर छोड़ भाग गए।
गंभीर घायल अवस्था में पड़े सुलखन सिंह जग्गी को राहगीरों ने किसी तरह से सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी हालात को गंभीर देखते हुए उन्हें देर रात को लुधियाना रेफर कर दिया गया। सीएमसी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। जग्गी के बड़े भाई मक्खन सिंह के अनुसार उनकी हालात गंभीर मगर खतरे से बाहर बताई जा रही है। सुलखन सिंह जग्गी के सिर, कान, बाजू तथा टांग पर गहरी चोटें लगी हैं। सुलखन जग्गी की किसी के साथ आपसी कोई रंजिश नहीं है। मगर राजनीति में होने के चलते वह क्षेत्र में हो रही अवैध माइनिंग के खिलाफ पिछले लंबे समय से आवाज बुलंद करते आ रहे हैं। इतना ही नहीं वह क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को भी समय-समय पर उठाते रहते हैं तथा समय की सरकारों के खिलाफ भी संघर्ष करते रहते हैं। जांच जारी जल्द होगे आरोपित गिरफ्तार : डीएसपी इस संबंध में डीएसपी रविदर सिंह ने बताया कि जग्गी व उनके परिवार से मिले हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।