होशियारपुर की दाना मंडी में फिल्मी स्टाइल में हत्या, जेल से जमानत पर आए युवक की गोलियां मारकर उतारा मौत के घाट
होशियारपुर की दाना मंडी में शनिवार को जमानत पर छूटे मनप्रीत सिंह उर्फ मिंटी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस इसे गैंगवार का नतीजा मान रही है।

होशियारपुर की दाना मंडी में फिल्मी स्टाइल में हत्या। फोटो जागरण
HighLights
होशियारपुर की दाना मंडी में युवक की हत्या।
जेल से जमानत पर आया था मनप्रीत सिंह मिंटी।
गैंगवार के चलते हुई वारदात, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, होशियारपुर। शनिवार बाद दोपहर दो बजे के करीब रहीमपुर स्थित दाना मंडी में फिल्मी स्टाइल में एक माह पहले जेल से जमानत पर बाहर आए एक युवक की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई है। फायरिंग में एक अन्य युवक भी जख्मी है, लेकिन वह अस्पताल नहीं पहुंचा। खूनी खेल के पीछे गैंगवार बताई जा रही है। घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक माहिलपुर के नजदीकी गांव सैदपुर का मनप्रीत सिंह उर्फ मिंटी नशीले पदार्थ के केस में 17 जुलाई 2023 से जेल में बंद था। उसके ऊपर और भी आपराधिक मामले दर्ज थे। मंटी एक माह पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। शनिवार बाद दोपहर वह अपने कुछ साथियों के साथ दाना मंडी होशियारपुर की दुकान नंबर 62 के सामने खड़ा था। इस दौरान करीबन एक दर्जन कारों में सवार होकर हमलावर आए। अभी मनप्रीत कुछ समझ पाता कि उन्होंने मनप्रीत पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्षर्दशियों के मुताबिक करीबन बीस राउंड फायर हुए। बताया जा रहा है कि पांच गोलियां मनप्रीत सिंह मंटी को लगी थी। जबकि दो गोली उसके साथी को लगी है। हमलावरों में शामिल एक युवक दोनों हाथों से पिस्टल से गोलियां दाग रहा था। खूनी खेल खेलने के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। लहुलूहुान मनप्रीत सिंह को सरकारी अस्पताल होशियारपुर ले गया।
प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को नाजुक देखते हुए उसे एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया, जहां पर उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मंटी के साथ एक अन्य युवक को भी गोली लगी है, लेकिन वह अस्पताल नहीं पहुंचा। वह अंडरग्राउंड हो गया है।
हालांकि पुलिस भी अभी कुछ नहीं बता रही है, लेकिन सूत्र के बताते हैं कि यह खूनी खेल दो गुटों के बीच गैंगवार के चक्कर में खेला गया है। इस हत्याकांड को अंजाम देने वाले हमलावर आदमपुर साइड के बताए जा रहे हैं।
डीएसपी सिटी कुलभूषण शर्मा ने कहा कि तमाम पहलुओं से जांच की जा रही है। मनप्रीत भी जेल से ही बाहर आया था। अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है कि हत्या के पीछे क्या राज छिपा है, लेकिन पुलिस जल्द से जल्द हत्या आरोपितों को गिरफ्तार कर लेगी।
पुलिस की टीमे गठित कर दी गई हैं। घटनास्थल पर मौजूद सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह ने अपनी टीम के साथ घटनास्थल मिले बुलेट के खोल को अपने कब्जे में लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
मंडी में फैल गई दहशत, लोग दुकानों में चले गए
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि यह किसी फिल्मी स्टाइल से कम नहीं था। बिना किसी डर के हमलावर मंडी में पहुंचे और आते ही उन्होंने फायरिंग करना शुरू कर दिया। गोलियों की आवाजों से मंडी में दहशत का माहौल पैदा हो गया। डर के मारे लोग अपनी दुकानों के अंदर घुस गए थे। घटनास्थल से 10 से 12 खोल भी बरामद हुए हैं।
