पुलिस देख भागे पांचवी पास दो तस्कर भाइयों से 25 ग्राम हेरोइन बरामद
चब्बेवाल पुलिस ने नशे की तस्करी के मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
संवाद सहयोगी, चब्बेवाल : चब्बेवाल पुलिस ने नशे की तस्करी के मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों से 25 ग्राम हेरोइन व 15 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किया है। आरोपितों की पहचान जोगा राम, रणजीत राम पुत्र जोगिदर राम निवासी हारटा के रूप में हुई है। एएसआइ चरणजीत सिंह ने बताया कि बुधवार को उन्होंने ससोली टी प्वाइंट के पास नाकेबंदी के दौरान उक्त आरोपितों को शक के आधार पर रुकने का इशार किया। लेकिन आरोपितों ने मोटरसाइकिल को मौके से भगा लिया। उन्होंने आरोपितों का पीछा कर जब उन्हें काबू कर उनकी तलाशी ली तो उनके पास से 25 ग्राम हेरोइन व 15 ग्राम नशीला पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपितों को काबू कर मामला दर्ज कर लिया है।
एसआइ सोहन लाल ने बताया कि दोनों भाई पिछले चार-पांच साल से नशा बेच रहे हैं। दिल्ली से नशा लाते थे और इलाके में सप्लाई करते थे। दोनों 5वीं तक पढ़े हैं, घर के हालात ठीक नहीं थे इसलिए पढ़ाई छोड़कर मेहनत मजदूरी करने लग गए। लेकिन उनकी जल्दी अमीर बनने की लालसा थी। इसको लेकर आरोपितों ने नशा बेचना शुरू कर दिया। बता दें कि एक मामले में जोगा गिरफ्तार हो गया था और उसे दो साल कैद हो गई, जोगा जेल चला गया और अकेले कोई जरिया नहीं बना तो अपनी पत्नी को रणजीत राम ने धंधे में लगा लिया। किसी को शक न हो इसलिए पत्नी की आड़ में इलाके में नशा सप्लाई करने लगा और फिर दुबई चला गया।
रणजीत के दुबई जाने के बाद पत्नी ने संभाला कारोबार
रणजीत ने बताया कि वह तो दुबई चला गया था लेकिन पीछे से उसकी पत्नी ने उसके नशे के कारोबार को संभाल लिया। उसके बाद इलाके में रणजीत की पत्नी कमलजीत नशे का धंधा करने लगी। खुद ही नशा लाती व आगे सप्लाई करती थी। फोन पर ही सारा धंधा चलता था। इसके बाद पुलिस ने करीब ढाई साल पहले नशीले पाउडर समेत कमलजीत को काबू कर लिया। इसके बाद जैसे ही रणजीत का वीजा समाप्त हुआ तो वह गांव लौट आया। लेकिन तब तक कमलजीत को दस साल कैद हो चुकी थी। पत्नी जेल चली गई, घर की सारी जिम्मेदारी रणजीत पर थी। पत्नी के जेल जाने के बाद रणजीत खुद नशा सप्लाई करने लगा। ऐसे पंजाब लाते थे नशा
इस दौरान जोगा भी जेल से बाहर आ गया। एक फिर दोनों भाई नशे की धंधे में जुट गए। फोन पर ऑर्डर आते और नशे की सप्लाई हो जाती। रणजीत ने बताया कि वह दिल्ली से नशा लाते थे। कुछ दिन पहले भी वह दिल्ली गए थे और 30 ग्राम हेरोइन व 15 ग्राम नशीला पाउडर लाए थे। दिल्ली रेलवे स्टेशन पर समय फिक्स होता था। स्टेशन पर ही इन्हें नशे की सप्लाई मिल जाती थी और वह वहीं से वापस लौट आते थे। 30 ग्राम में से इन्होंने 5 ग्राम हेरोइन बेच दी थी। रणजीत व जोगा से पूछताछ जारी है। उनसे पूछताछ की जा रही है। उम्मीद है कि इस मामले में कई नामों से पर्दा उठेगा। सारा सिस्टम एक चेन की तरह हैं जिसको खंगाला जा रहा है।
एसआइ सोहन लाल, आईओ