तिबड़ी छावनी के पास दिखे दो संदिग्ध आतंकी, सर्च अापरेशन में हेलीकाप्टर भी लगे
गुरदासपुर के पंधेर गांव में दो और संदिग्ध आतंकियों को देखे जाने से हड़कंप मच गया है। यह जगह सेना की तिबड़ी छावनी के पास है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सेना की वर्दी पहने दो संदिग्ध लोगाें को देखा। सेना व पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। जिले के पंधेर गांव में बुधवार शाम दो और संदिग्ध आतंकियों को देखे जाने से हड़कंप मच गया। यह जगह सेना की तिबड़ी छावनी के पास है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सेना की वर्दी पहने दो संदिग्ध लोगाें को देखा। इसके बाद उन्होंने पुलिस काे सूचित किया। पुलिस ने इसकी सूचना सेना को दी। इसके बाद सेना और पुलिस के जवानों ने पूर इलाके को घेर लिया है। चारा काट रहे किसानों ने गन्ने के खेत में सेना की वर्दी में दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा। बुधवार देर शाम तक सर्च आपरेशन चला। इसके बाद वीरवार सुबह फिर सर्च आपरेशन शुरू हुआ।
क्षेत्र में सर्च आपरेशन चलाते पुलिस के जवान।
गांव के लोगों के अनुसार, दो अनजान लोग सेना की वर्दी में घूम रहे थे। लोगों ने जब उन्हें देखा तो वे छिप गए। गांव के निवासी सतनाम सिंह आैर राजिंदर सिंह ने बताया कि उन्हाेंने इन दोनों लोेगाें को क्षेत्र में एक गन्ने के खेत में देखा। वे सेना की वर्दी में थे। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया आैर सेना काे भी सूचना दी। जहां पर संदिग्ध देखे गए हैं वह जगह तिबड़ी छावनी से महज डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है।
सर्च आपरेशन चलाते सेना व पुलिस के जवान।
सूचना मिलने पर तिबड़ी छावनी के बिग्रेडियर वीके त्रिपाठी, एडीजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) हरदीप सिंह, गुरदासपुर के एसएसपी गुरप्रीत सिंह तूर, डीसी डा. अभिनव त्रिखा भारी पुलिस व सेना बल के साथ मौके पर पहुंच गए। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे गांव पंधेर के पूर्व सरपंच निरंजन सिंह ने पुलिस को सूचित किया कि गांव के सतनाम सिंह और राजिंदर सिंह ने गन्ने के खेत में सेना की वर्दी में दो संदिग्ध देखे हैं। इसके बाद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई।
सेना की वर्दी में थे दोनों
गांव पंधेर निवासी सतनाम सिंह व राजिंदर सिंह ने बताया कि वह दोपहर करीब दो बजे पशुओं के लिए बरसीम काट रहे थे। इसी दौरान पास के खेत में देखा तो वहां पर सेना की वर्दी में दो संदिग्ध मुंह पर कपड़ा लपेटे खड़े थे। उन्होंने बताया कि संदिग्ध करीब छह फीट के थे और उन्होंने बड़े-बड़े चश्मे लगाए हुए थे। उन्होंने तुरंत वहां से आकर पूर्व सरपंच निरंजन सिंह को पूरी जानकारी दी।
सैकड़ों एकड़ में फैले हैं गन्ने के खेत
जिस जगह पर संदिग्ध देखे गए है, उसके करीब 60 एकड़ घेरे में गन्ने की फसल है। इसे खंगालना पुलिस व सेना के लिए काफी मुश्किल हो गया है। ऊपर से अंधेरा घिरने से पुलिस व सेना के जवानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
मामले की सूचना मिलते ही अधिकारी वहा पहुंचते गए। उन्होंने दोनों प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत की।
अधिकारी बना रहे योजना
पहले तो सभी अधिकारी जिस जगह पर संदिग्ध देखे गए थे उसके कुछ दूरी पर स्थित एक घर में एकत्र हुए और उसके बाद शाम करीब सात बजे वह तिबड़ी छावनी गए। अधिकारी तिबड़ी छावनी में अागे की रणनीति तैयार कर रहे हैं।
गंभीरता से लिया जा रहा है मामला : डीआइजी
मामले संबंधी पूछे जाने पर आइजी बॉर्डर रेंज लोक नाथ आंगरा का कहना है कि उन्हें मामले में सारी सूचना मिल रही है और वह जल्द ही मौके पर पहुंच रहे हैं। डीआइजी (बॉर्डर रेंज) कुंवर विजय प्रताप सिंह का कहना है कि मामले को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है।