शादी के दौरान लड़की के परिजनों ने लड़के के मामा को पीटा
अलीवाल बाईपास पर स्थित एक पैलेस में शादी के दौरान हंगामा हो गया।
जासं, बटाला : अलीवाल बाईपास पर स्थित एक पैलेस में शादी के दौरान हंगामा हो गया। इस दौरान लड़की के परिजनों ने लड़के के रिश्तेदार को बेरहमी से पीट डाला। थाना सिविल लाइन पुलिस ने दोनों पक्षों को आपस में बैठाकर समझौता करवाया।
पैलेस में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। लड़की के परिजनों ने आरोप लगाया कि लड़के का मामा शराब पीकर महिलाओं की तरफ अश्लील इशारे करने लगा। उसे कई बार समझाया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उल्टा उनके साथ गाली-गलौज पर उतर आया। गुस्से में आकर लड़की के परिजनों ने उसको पीट डाला। पुलिस ने दोनों पक्ष के बयान लिए, लेकिन बाद में दोनों पक्ष ने कानूनी कार्रवाई करवाने से मना कर दिया। थाना सिविल लाइन के एसएचओ ने दोनों पक्ष के बयान दर्ज करवाकर आपस में लिखित रूप में समझौता करवा दिया। इसके बाद शादी हुई।