तेंदुए जैसे जीव को देखे जाने से गांव में दहशत का माहौल
कस्बे के गांव गुन्नोपुर में वीरवार को सुबह उस समय दहशत का माहौल बन गया जब खेतों में काम करते मजदूरों ने एक तेंदुए जैसे जीव व उसके चार बचों को देखा।
संवाद सहयोगी, काहनूवान : कस्बे के गांव गुन्नोपुर में वीरवार को सुबह उस समय दहशत का माहौल बन गया, जब खेतों में काम करते मजदूरों ने एक तेंदुए जैसे जीव व उसके चार बच्चों को देखा। मजदूरों का शोर सुनकर गांव के लोग एकत्र हो गए। इस दौरान उन्होंने जंगली जानवर के एक छोटे बच्चे को अपने कब्जे में लिया। हालांकि जंगली जीव सुरक्षा के अधिकारियों का दावा है कि यह तेंदुए का बच्चा नहीं है। यह जंगली बिल्ली की नस्ल का जीव है।
गांव के गणमान्य बलविदर सिंह, तलविदर सिंह, गुरमुख सिंह आदि ने बताया कि मजदूर खेतों में काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने तेंदुए जैसे जीव व उसके चार बच्चों को देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया और भागने लगे। उनके शोर को सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो उन्होने एक छोटे से जंगली जानवर को अपने कब्जे में लिया। इस बारे में जब थाना भैणी मियां खां की पुलिस को पता चला तो थाना प्रभारी सुरिदरपाल सिह व जंगली जीवन सुरक्षा विभाग गुरदासपुर के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
इस दौरान अधिकारी अमृत व अमरबीर सिंह ने बताया कि यह बच्चा तेंदुए का नहीं है। बल्कि यह जंगली बिल्ली की नस्ल का एक जीव है, जोकि लोगों के लिए खतरा नहीं है। इसके बाद बच्चे को पास के खेतों में रख दिया गया।