युवक पर जानलेवा हमला, छह नामजद
दस जनवरी की रात मियां मोहल्ला के रहने वाले गौरव कुमार पर छह लोगों ने हमला कर दिया था।
जागरण संवाददाता, बटाला : दस जनवरी की रात मियां मोहल्ला के रहने वाले गौरव कुमार पर छह लोगों ने हमला कर दिया था। वीरवार शाम को थाना सिटी में आरोपितों पर मामला दर्जकर लिया गया। वारदात की रात को पहले गौरव को हमलावरों ने मियां मोहल्ला चौक पर घेरा फिर उसके घर जाकर तेजधार हथियारों से हमलाकर बुरी तरह से घायल कर दिया। घायल का बटाला के अस्पताल में इलाज होने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। हमले की वजह पुरानी रंजिश सामने आई है। वारदात के बाद आरोपित फरार हो गए। घायल गौरव ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह शहर की एक रेडिमेड दुकान में सेल्समेन का काम करता है। दस जनवरी को दुकान से छुट्टी कर रात दस बजे के करीब घर लौट रहा था। इंद्रजीत सिंह ने मियां मोहल्ला चौक में अपने साथियों को कहा कि गौरव को पकड़ लिया जाए। चौक में उसपर हमला किया तो लोग इकट्ठा हो गए। वहां से जान बचाकर घर भागा तो आरोपितों ने पीछा करते हुए, उसके घर में धावा बोल दिया। पुलिस ने मिया मोहल्ला के रहने वाले इंद्रजीत सिंह उर्फ इंदा, पवनप्रीत सिंह, सुरिदर पाल सिंह, योगेश कुमार, राजीव कुमार, संजीव कुमार उर्फ रिका के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अधीन मामला दर्ज कर लिया। केस के जांच अधिकारी एएसआइ लखबीर सिंह ने बताया कि दस वर्ष पूर्व दोनों पक्ष में झगड़ा हुआ था। उस दौरान दोनों पक्ष के खिलाफ थाना सिटी में क्रास पर्चा किया गया था। उस मामले में गौरव पक्ष के लोग अदालत से बरी हो गए थे, जबकि दूसरे पक्ष यानी इंद्रजीत सिंह तथा अन्य साथियों के खिलाफ अदालत ने चार साल की सजा सुनाई थी। उस केस में योगेश नामक आरोपित अभी तक फरार है।