स्कीम नंबर सात का बकाए का विवाद हुआ खत्म
नगर सुधार ट्रस्ट की स्कीम नंबर सात से संबंधित किसानों की जमीन का मामला।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर :
नगर सुधार ट्रस्ट की स्कीम नंबर सात से संबंधित किसानों के बकाया मुआवजे का विवाद आज खत्म हो गया है। जिसके तहत संयुक्त किसान मोर्चे की ओर से राम सिंह दत्त हाल गुरदासपुर में करवाए गए समारोह के दौरान आम आदमी पार्टी के सीनियर नेता रमन बहल ने पहुंच कर किसानों को बकाया मुआवजे के करीब साढ़े सात करोड़ रुपये के चेक बांटे।
संयुक्त किसान मोर्चा के नेता मक्खन सिंह कोहाड़, बलबीर सिंह रंधावा, गुरदीप सिंह मुस्तफाबाद, तरलोक सिंह बहरामपुर, सुखदेव सिंह भागोकावां, मेजर सिंह रोड़ावाली, अजीत सिंह हुंदल सहित अलग अलग वक्ताओं ने कहा कि 84.77 एकड़ रकबे में कालोनी बनाने के लिए नगर सुधार ट्रस्ट ने जब जमीन अधिग्रहित की थी तो किसानों को सिर्फ 12-12 लाख रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से राशि दी गई थी। जिसके बाद किसानों ने अदालत में पहुंच कर उचित मुआवजे की मांग की थी और अदालत ने भी किसानों की मुश्किलों और दलीलों को समझते हुए 12-12 लाख रुपये के हिसाब से और मुआवजा देने का आदेश किया था, मगर अदालत के आदेशों के बाद भी नगर सुधार ट्रस्ट द्वारा किसानों को यह आदायगिया नहीं की गई और पिछली दो सरकारों ने किसानों को जमकर परेशान और नजरअंदाज किया था। इस कारण किसानों ने दो जनवरी को नगर सुधार ट्रस्ट के सामने धरना शुरू किया था और फिर भी कोई सुनवाई न होने से किसानों ने यह धरना डीसी गुरदासपु के कार्यालय समक्ष तब्दील कर दिया। इस दौरान रमन बहल और डीसी ने प्रयास करके किसानों को एक करोड़ रुपए की अदायगियां करवाई थी। शेष करीब साढ़े सात करोड़ रुपए देने संबंधी कोई कार्रवाई नहीं हो रही।
नेताओं ने कहा कि किसानों की जमीनें भी चली गई और उन्हें बनता मुआवजा भी नहीं मिला। जिससे इन किसानों की हालत बेहद बदतर थी। मगर रमन बहल और आम आदमी पार्टी की सरकार ने बड़े प्रयास से किसानों की अदायगियां करवा दी। जिससे किसान नेता और संबंधित पीड़ित परिवार रमन बहल और सभी सहयोगियो के आभारी रहेंगे।
रमन बहल ने कहा कि किसानों के दर्द को समझते है। मगर बदकिस्मती की बात है कि पिछले दस वर्ष राज करने वाली सरकारें और गुरदासपुर के प्रतिनिधियों ने इन किसानों की कोई सुध नहीं ली। इन किसानों की करीब साढ़े सात करोड़ रुपये की अदायगी बकाया था। मगर ट्रस्ट के पास इतनी बड़ी राशि न होने के कारण उन्होंने यह मामला मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के ध्यान में लाया गया और मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लुधियाना की नगर सुधार ट्रस्ट से साढ़े तीन करोड़ रुपए गुरदासपुर की ट्रस्ट ने दिलाए है ताकि इन किसानों की अदायगी तुरंत की जा सके। इसके साथ ही शेष पैसों का प्रबंध करके आज साढ़े सात करोड़ रुपए से अधिक राशि के बनते चैक संबंधित किसानों को बांट दिए गए। इसके बाद अब किसानों का कोई बकाया नहीं रहेगा। इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं ने रमन बहल को विशेष तौर पर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान उक्त नेताओं के अलावा नगर सुधार ट्रस्ट के कार्य साधक अधिकारी मनोज कुमार, सुच्चा सिंह सुल्तानी, भारत भूषण, अनु गंडोत्रा सहित बड़ी संख्या में शहर के लोग और किसान मोर्चा के नेता मौजूद थे।