विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरदासपुर में राघव चड्ढा और रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला, कार पर फेंके अंडे-टमाटर; AAP पर लगाए आरोप

Published: Fri, 18 Sep 2026 11:17 PM (IST)

पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर बटाला के पास घसीटपुर में अंडे और टमाटर फेंके गए, जब ...और पढ़ें

गुरदासपुर में राघव चड्ढा और रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला। फोटो जागरण

गुरदासपुर में राघव चड्ढा और रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला। फोटो जागरण

HighLights

  1. रवनीत बिट्टू के काफिले पर घसीटपुर में अंडे-टमाटर से हमला।

  2. बिट्टू ने AAP कार्यकर्ताओं पर लगाया हमले का आरोप।

  3. आप नेता ने बिट्टू के गनमैनों पर मारपीट का आरोप लगाया।

संवाद सहयोगी, बटाला। प्रदेश में भाजपा की ओर से शुक्रवार को नशा मुक्त पंजाब यात्रा शुरू की गई है। माधोपुर से शुरू होने जा रही इस यात्रा में भाग लेने जा रहे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर बटाला के पास घसीटपुर इलाके में अंडे और टमाटर फेंकने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू, राघव चड्ढा और संदीप पाठक एक ही कार में सवार थे।

बिट्टू के अनुसार घटना के दौरान उन्होंने हाईवे पर गाड़ी रुकवाकर पास के एक घर में घुसकर खुद को बचाया। आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज जोबन रंधावा और उनके समर्थकों ने उनके काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके।

उधर, इस घटना के बाद आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज जोबन रंधावा और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया। जोबन रंधावा ने आरोप लगाया कि उनके भाई के साथ रवनीत बिट्टू के गनमैनों और सुरक्षा अधिकारियों ने मारपीट की है।

उन्होंने कहा कि उनका बिट्टू से कोई लेना-देना नहीं है। वे आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए संदीप पाठक और राघव चड्ढा का विरोध कर रहे थे।

हमले के पीछे आप के लोग- बिट्टू

जानकारी के अनुसार भाजपा नेता राजासांसी एयरपोर्ट पर उतरने के बाद कार से पठानकोट की ओर जा रहे थे। जब उनकी कार अमृतसर जिले से निकलकर पुलिस जिला बटाला की सीमा में दाखिल हुई और अड्डा घसीटपुरा के पास पहुंची तो कुछ लोगों ने उनकी कार पर अंडे और टमाटर फेंकने शुरू कर दिए। बिट्टू ने आरोप लगाया कि हमले के पीछे आम आदमी पार्टी से जुड़े लोग थे।

उन्होंने स्थानीय आप विधायक के समर्थकों पर उन्हें भाजपा की नशा विरोधी यात्रा में शामिल होने से रोकने की कोशिश का आरोप लगाया। बिट्टू ने घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के डीजीपी गौरव यादव से भी बात की है। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें कोई नुकसान होता है तो पंजाब सरकार और पुलिस प्रशासन जिम्मेदार होंगे।

बिट्टू का आरोप है कि घसीटपुरा अड्डे के पास आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज जोबन रंधावा और उनके समर्थकों ने उनके काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके। बिट्टू के अनुसार घटना के दौरान उन्होंने हाईवे पर गाड़ी रोककर पास के एक घर में घुसकर खुद को बचाने की कोशिश की। बिट्टू ने बताया कि वे शुक्रवार को अमृतसर से पठानकोट जा रहे थे।

हथियारों से लैस थे हमलावर

उनका कहना है कि जब उनका काफिला घसीटपुरा अड्डे के पास पहुंचा तो वहां हाईवे पर स्थित आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज जोबन रंधावा के दफ्तर के पास कुछ कार्यकर्ता पहले से मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि काफिला हाईवे पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने अंडों और टमाटरों से हमला कर दिया। कुछ हमलावर हथियारों से लैस भी थे।

बिट्टू ने बताया कि काफिले पर हमले जैसी स्थिति बनने के बाद उन्होंने हाईवे पर गाड़ी रुकवाई और सुरक्षा के लिए नजदीक स्थित एक घर में दाखिल हो गए। उनके अनुसार उन्हें करीब साढ़े तीन घंटे तक वहां रहना पड़ा। हालांकि इन आरोपों की पुलिस जांच की जानकारी सामने नहीं आई है।

बिट्टू ने आगे बताया कि उनकी सुरक्षा टीम ने हमले में शामिल बताए जा रहे दो लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। उधर, स्थानीय भाजपा नेताओं ने भी इस घटना के लिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार बताया है। भाजपा जिला अध्यक्ष हीरा वालिया ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी की कथित बौखलाहट का परिणाम है और भाजपा नेताओं पर इस तरह हमला करना निंदनीय है।

आप नेता ने बिट्टू के गनमैनों पर लगाया मारपीट का आरोप

उधर, आप के हलका इंचार्ज जोबन रंधावा ने आरोप लगाया कि उनके भाई के साथ रवनीत बिट्टू के गनमैनों और सुरक्षा अधिकारियों ने कथित तौर पर मारपीट की है। उन्होंने कहा कि वे इस घटना को बर्दाश्त नहीं करेंगे और मामले को लेकर अपना विरोध दर्ज करवाते हैं।

साढ़े तीन घंटे जाम रहा जम्मू नेशनल हाईवे

घटना के दौरान हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। करीब साढ़े तीन घंटे जम्मू नेशनल हाईवे जाम रहा। स्थिति पर काबू पाने के बाद पुलिस सुरक्षा में बिट्टू के काफिले को पठानकोट की ओर रवाना किया गया।

विवाद की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी डा. मेहताब सिंह, एसडीएम और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

मामले संबंधी एसपी खुशवीर कौर से बातचीत किए जाने पर उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को पूरी तरह नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस तैयार है। थाना सदर के एसएचओ बिक्रम सिंह ने कहा कि मामले की गहन जांच की जाएगी और किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा।