पंजाब का युवक दुबई में कमरे में कैद, जानें दिल दहला देने वाली दास्तां
पंजाब का एक युवक विदेश जाने के चक्कर में बुरी तरह फंस गया है। उसे कबूतरबाजों ने झांसा देकर विजिटर वीजा पर दुबई भेज दिया। वहां पहुंचने पर उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया है।
विनय कोछड़/वरदीप तेजा, फतेहगढ़ चूडिय़ां (गुरदासपुर)। पंजाब का एक युवक विदेश जाकर नौकरी करने की चाहत में बुरी तरह फंस गया है। गुरदासपुर जिले के बटाला क्षेत्र के गांव वीला तेजा के युवक हीरा सिंह वहां पहुंच तो गया, लेकिन भारी मुसीबत में फंसा हुआ है। उसे एजेंटों ने एक कमरे में कैद कर दिया है। वह एक महीने से एक कमरे में कैद है और उसे बस टाइम का खाना मिल रहा है। उसने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुक्त कराने की गुहार लगाई है।
हीरा सिंह के परिवार वालों का कहना है कि उसे जालंधर और कपूरथला के दो एजेंटों ने नौकरी का झांसा देकर विजिटर वीजा पर दुबई भेज दिया। एजेंटों ने उससे 1.80 लाख रुपये भी ठग लिए। दुबई पहुंचने पर हीरा सिंह को एक कमरे में कैद कर लिया गया। उसे बस एक वक्त खाना दिया जा रहा है। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में हीरा सिंह ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से उसे वापस देश लाने की गुहार लगाई है।
नौकरी का झांसा देकर विजिटर वीजा पर दुबई भेजा था
परिवार वालों के अनुसार, हीरा सिंह की बुआ के बेटे सतनाम सिंह के जरिये जालंधर के एजेंट गुरदियाल सिंह और कपूरथला के गोशा से मुलाकात हुई। उसकी पत्नी मंजीत कौर ने बताया कि एजेंटों ने दुबई भेजने के लिए 1.80 लाख रुपये की मांग की। पैसे इकट्ठे करने के लिए परिवार ने कुछ कीमती सामान भी बेच दिया।
हीरा सिंह के बारे में जानकार देते परिजन।
19 दिसंबर 2018 को हीरा सिंह बटाला से दिल्ली बस से रवाना हुआ और 20 दिसंबर को दिल्ली से दुबई के लिए चला गया। दुबई पहुंचने पर हीरा की घर पर पत्नी से बात हुई। उसने पत्नी को बताया कि उसे एक कमरे में भेजा गया है और वहां पहले से कुछ युवक बंद हैं।
26 जनवरी को वीजा खत्म होते ही कानूनी पचड़े में फंस जाएगा
वीडियो में हीरा सिंह ने बताया है कि एजेंटों ने उसे दुबई में नौकरी दिलाने का वादा किया था। नौकरी के बजाय उसे एक कमरे में कैद कर दिया है। पूरे दिन में एक समय का खाना दिया जाता है। जो खाना दिया जाता है वह घटिया क्वालिटी का होता है। उस खाने से कई युवक बीमार हो चुके हैं। भूख मिटाने के लिए उन्हें मजबूरी में खाना पड़ रहा है। 26 जनवरी को उसका वीजा समाप्त हो रहा है। अगर वह वापस नहीं आया तो वहां उस पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मां बाेली, मेरा बेटा वापस ला दो
हीरा सिंह की मां सुरजीत कौर ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से गुहार लगाई है कि वह उनके बेटे को वापस देश ला दें। उनके घर पर गुजारा बेटे की मेहनत से चलता है। उसका पांच साल का एक बेटा है। जब से उसे पता चला है कि पिता दुबई में फंस गए हैं उसने खाना छोड़ दिया है।
पहले भी दो बार दुबई जा चुका है हीरा सिंह
हीरा सिंह पहले भी दो बार दुबई जा चुका है। पहली बार 2010 में पांच साल के लिए गया। उसके बाद उसकी शादी हो गई। शादी के कुछ महीने बाद तीन साल के लिए फिर दुबई गया। वह 2018 में ही लौटा था। दिसंबर में तीसरी वार फिर दुबई गया, लेकिन इस बार उसे विजिटर वीजा पर भेज वहां कैद कर लिया।
------
'' मामला उनके ध्यान में आया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द एजेंटों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- विपिन चौधरी, एसपी (आइ)