ढाई क्विंटल भुक्की समेत एक गिरफ्तार, सरगना फरार
पुलिस थाना भैणी मियां खां की पुलिस ने ढाई क्विंटल भुक्की समेत एक आरोपित को काबू किया।
संवाद सहयोगी, काहनूवान : पुलिस थाना भैणी मियां खां की पुलिस ने ढाई क्विंटल भुक्की समेत एक आरोपित को काबू किया। इस दौरान मुख्य सरगना फरार हो गया।
थाना प्रभारी सुदेश कुमार शर्मा ने बताया कि रविवार को थानेदार सुर्जन सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने गांव फुल्लड़ा के पास नाका लगाया हुआ था। इस दौरान एक सफेद रंग की इनोवा गाड़ी पीबी 07 एएल 1760 गांव में दाखिल हो रही थी। जब पुलिस पार्टी ने गाड़ी को रोका तो इसमें सवार लोगों ने भागने की कोशिश की। इनमें से एक व्यक्ति को काबू कर लिया। दूसरा मौके से भाग गया। जब पुलिस ने गाड़ी की तलाशी ली तो उसमें से 250 किलो भुक्की बरामद हुई। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सुलखन सिंह पुत्र पूर्ण सिंह निवासी फुल्लड़ा के रूप में हुई। फरार आरोपित की पहचान सुखराज सिंह उर्फ सुखा पुत्र चरण सिंह के रूप में हुई। एसएचओ सुदेश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ विशेष मुहिम चलाई हुई है। सुलखन सिंह को रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जा रहा है। फरार हुआ तस्कर सुखराज सिंह सुक्खा नशे के कारोबार के लिए बदनाम है और नशे के कारोबारियों का मुख्य सरगना है। उसे भी पुलिस जल्द काबू कर लेगी।