करतारपुर कॉरिडोर को जोड़ने वाली हाईवे में पड़ी लंबी दरार, उद्घाटन से पहले खुली पोल; रातों-रात रेत-बजरी से भरी
भारत-पाकिस्तान सीमा पर करतारपुर कॉरिडोर को जोड़ने वाली डेरा बाबा नानक-रईया चार लेन सड़क पर उद्घाटन से पहले बारिश के कारण 200 मीटर लंबी दरार पड़ गई।
-1787419055292_m.webp)
करतारपुर कॉरिडोर को जोड़ने वाली हाईवे में पड़ी लंबी दरार। फोटो जागरण
HighLights
करतारपुर कॉरिडोर हाईवे पर उद्घाटन से पहले दरार।
बारिश के कारण 200 मीटर लंबी दरार पड़ी।
सोशल मीडिया वीडियो के बाद रातों-रात मरम्मत।
संवाद सहयोगी, डेरा बाबा नानक (गुरदासपुर)। भारत-पाकिस्तान अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बने श्री करतारपुर कॉरिडोर को जोड़ने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे डेरा बाबा नानक-रईया चार मार्ग (चार लेन सड़क) का उद्घाटन होने से पहले ही बारिश के कारण पड़ी बड़ी दरार को रातों-रात भरने का मामला सामने आया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अमरजोत सिंह, दिलप्रीत सिंह, दिलशान सिंह, सुखदेव सिंह, हरदेव सिंह, रणदीप सिंह आदि ने बताया कि शनिवार की देर शाम सोशल मीडिया पर दरार की वीडियो देखने के बाद संबंधित विभाग द्वारा कोटली सूरत मल्ली में बनाए गए चार-मार्गी पुल के ऊपर पड़े 200 मीटर लंबे और दो फुट से अधिक चौड़े दरार को रेत-बजरी से भर दिया गया।
लुधियाना में फिर धंसी सड़क
बता दें कि इससे पहले लुधियाना में एक बार फिर सड़क धंसने की घटना सामने आई है। हालांकि, इस गड्ढे का आकार थोड़ा छोटा है, लेकिन ध्यान न दिया गया तो बड़ी घटना हो सकती है। ये घटना मॉडल टाउन स्थित पुराने शर्मा हलवाई चौक के पास शनिवार को देखने को मिली है। सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया।
सड़क धंसने से यहां हादसे का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी स्थान पर पहले भी सड़क में छोटा गड्ढा बना था। इसकी सूचना नगर निगम को दी गई थी। उस समय मिट्टी डालने के साथ ऊपर से मरम्मत कर समस्या को अस्थायी तौर पर ठीक कर दिया गया था। अब दोबारा सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
