पंजाब: नशा बेचने से रोकने पर तीन लोगों पर धारदार हथियार से हमला, एक की मौत; दो गंभीर रूप से घायल
गुरदासपुर के माड़ी पन्नवां गांव में नशा बेचने से रोकने पर तीन लोगों पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया। इस हमले में बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई।

HighLights
नशा रोकने पर तीन व्यक्तियों पर हमला
बिक्रमजीत सिंह की हमले में अस्पताल में मौत
निशान सिंह और गुरमुख सिंह गंभीर रूप से घायल
पंजाबी जागरण, गुरदासपुर। मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि श्री हरगोबिंदपुर साहिब के गांव माड़ी पन्नवां में नशा बेचने से रोकने पर तीन व्यक्तियों पर तेजधार हथियारों से हमला किया गया। हमले में बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई, जबकि निशान सिंह और गुरमुख सिंह गंभीर रूप से घायल हैं।
घायल गुरमुख सिंह ने बताया कि गांव में नशा बेचने वाले रोजाना गली में खड़े रहते हैं, जिसके कारण महिलाओं का गुजरना मुश्किल हो जाता है। वीरवार को जब उन्हें नशा बेचने से रोका गया तो उन्होंने उस पर और उसके साथी बिक्रमजीत सिंह और निशान सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें- जर्मनी की नागरिकता दिलाने के नाम पर 60 लाख की ठगी, पूर्व नौकरशाह की बेटी IGI एयरपोर्ट से गिरफ्तार
गंभीर रूप से घायल बिक्रमजीत की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। गांव के सरपंच सुरिंदरपाल सिंह बाजवा ने बताया कि हमलावर हथियारों से लैस थे। इनकी संख्या 15 से ज्यादा थी। एसएचओ सुखजिंदर सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। किसी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा।
