विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather News: पंजाब के गुरदासपुर में मौसम का बदला मिजाज, तेज धूप और उमस ने बढ़ाई परेशानी

Published: Wed, 02 Jul 2025 03:50 PM (IST)

गुरदासपुर में तीन दिन की राहत के बाद मौसम फिर बदला। तेज धूप से तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा ...और पढ़ें

तेज धूप से बचने के लिए मुंह ढककर जाती महिलाएं। (फोटो- जागरण)
तेज धूप से बचने के लिए मुंह ढककर जाती महिलाएं। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. तेज धूप से गुरदासपुर में तापमान बढ़ा
  2. उमस भरी गर्मी से लोग परेशान
  3. मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई

जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। तीन दिन की राहत के बाद शहर में बुधवार को मौसम ने फिर से करवट बदली। सुबह से ही तेज धूप ने शहरवासियों को परेशान किया। अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की उछाल दर्ज की गई। मंगलवार को जहां तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर था, वहीं बुधवार को यह बढ़कर 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

इसके साथ ही हाल की वर्षा के बाद उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया। मौसम विभाग ने वीरवार को बादल छाने और हल्की वर्षा की संभावना जताई है, लेकिन पूरे सप्ताह तापमान में उतार-चढ़ाव और बादलों की आंख-मिचौली जारी रहने का अनुमान है।

पिछले कुछ दिनों में शहर में वर्षा ने लोगों को गर्मी से राहत दी थी। हल्की और मध्यम वर्षा के कारण तापमान में कमी आई थी और मौसम सुहावना हो गया था। हालांकि बुधवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह से ही सूरज की तीखी किरणों ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया।

दोपहर तक गर्मी और उमस का असर इतना बढ़ गया कि सड़कों पर लोग पसीने से तरबतर नजर आए। पिछले दो-तीन दिन मौसम काफी अच्छा था, लेकिन आज फिर से गर्मी और उमस ने हालत खराब कर दी। बाहर निकलना मुश्किल हो गया।

मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह मौसम में बार-बार बदलाव देखने को मिलेगा। बुधवार को तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई, लेकिन वीरवार को बादल छाने और हल्की वर्षा होने की संभावना है। मानसून की सक्रियता के कारण अगले कुछ दिनों तक वर्षा और बादलों का दौर चलता रहेगा। हालांकि वर्षा के बाद उमस बढ़ने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

विभाग के अनुसार तापमान 30 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और रात का तापमान भी 24 से 26 डिग्री के आसपास बना रहेगा। शहर के बाजारों में भी गर्मी और उमस का असर साफ दिखाई दिया। दोपहर के समय सड़कों पर भीड़ कम रही और लोग छांव की तलाश में इधर-उधर भटकते नजर आए। कृषि क्षेत्र पर भी मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर पड़ रहा है।

किसानों का कहना है कि वर्षा ने जहां फसलों को फायदा पहुंचाया है, वहीं उमस और गर्मी के कारण कुछ फसलों को नुकसान होने का डर है। खासकर सब्जी की फसल को उमस से बचाने के लिए किसानों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ रही है।

आगामी दिनों में शहर में मौसम का मिजाज कैसा रहेगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक सप्ताह के अंत तक वर्षा और बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव बना रहेगा।