कौंसिल प्रधान के निरीक्षण में अनुपस्थित मिले सुपरवाइजर
शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर कौंसिल के अध्यक्ष नरेश महाजन ने शुक्रवार सुबह विभिन्न क्षेत्रों का दौड़ा किया।
संवाद सूत्र, बटाला : शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर कौंसिल के अध्यक्ष नरेश महाजन ने शुक्रवार सुबह विभिन्न क्षेत्रों का दौड़ा किया। इस दौरान उक्त इलाकों के सुपरवाइजर अनुपस्थित पाए गए। प्रधान ने तुरंत नगर कौंसिल के ईओ भूपिंदर सिंह को फोन कर फटकार लगाई तथा संबंधित इलाकों के ठेकेदार को नोटिस भेज उनसे सारी स्थिति का जवाब मांगा गया है।
प्रधान नरेश महाजन ने बताया कि काफी समय से शहर में गंदगी को लेकर व साफ सफाई न होने को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इस पर अधिकारियों और कर्मचारियों को काम ठीक ढंग से करने के लिए कहा गया था, परंतु इसके बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ। प्रधान ने बताया कि शुक्रवार सुबह वे अकेले ही अपने स्तर पर बुरे हालात का कारण ढूंढने के लिए निकले। सुबह आठ बजे से करीब दस बजे तक विभिन्न बीटों का दौरा किया। सबसे पहले ठठीयारी गेट, हाथी गेट, कपूरी गेट, पहाड़ी गेट, धर्मपुरा कॉलोनी तथा कादियां चुंगी चेकिग की। इसमें केवल कादियां चुंगी पर ही कच्चे मुलाजिमों का एक सुपरवाइजर ही मिला, जबकि किसी अन्य बीट पर कोई सुपरवाइजर नहीं मिला, जोकि शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर बहुत दुख की बात है। शहर की खराब हालत के लिए ईओ जिम्मेदार : प्रधान
प्रधान ने कहा कि आज शहर का बुरा हाल हो चुका है, हर तरफ गंदगी का आलम है। आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकेदार पूरी तरह से गोरखधंधा कर रहे हैं। यह गोरखधंधा कौंसिल के ईओ की देखरेख में हो रहा है। शहर की जितनी हालत खराब हो रखी है उसके लिए ईओ ही जिम्मेदार है, क्योंकि कोई भी ठेकेदार इतनी बड़ी लापरवाही बिना किसी शह पर यह काम नहीं कर सकता। प्रधान ने सफाई कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे अपनी आदतें सुधार ले वरना उनके खिलाफ विभागीय कारवाई की जाएगी।