भारतीय संस्कृति एवं सभ्यता अपनाने पर दिया जोर
पश्चिमी सभ्यताओं एवं संस्कृति ने प्रदेश की युवा पीढ़ी को भी बुरी तरह से प्रभावित किया है।
संवाद सहयोगी, दीनानगर : पश्चिमी सभ्यताओं एवं संस्कृति ने प्रदेश की युवा पीढ़ी को भी बुरी तरह से प्रभावित किया है। इसके चलते आज के समय में लड़कियों के साथ प्यार के लिए इजहार के चलते वेलेंटाइन डे को बड़े जोरों शोरों से मनाया जा रहा है। युवा माता-पिता के प्रति अपने दायित्व एवं संस्कारों को भूलते जा रहे हैं। उक्त विचार अखिल भारतीय ¨हदू सुरक्षा समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. हरिदेव अग्निहोत्री ने दीनानगर में हुई समिति की बैठक के दौरान उपस्थित युवाओं को संबोधित करते प्रकट किए।
उन्होंने वेलेंटाइन-डे का बहिष्कार करने के लिए प्रेरित किया और कहा कि अगर वेलेंटाइन डे को मनाना ही है तो अपने माता-पिता का सत्कार करके मनाए। उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे अहम रिश्ता माता-पिता का होता है, जो अंतिम सांस तक कभी नहीं टूटता। लेकिन, जिन रिश्तो को आज के युवा सबसे बेहतर मानते हैं, वह रिश्ता महज कुछ ही क्षणों में समाप्त हो जाता है।