20 महिलाएं 50-50 पौधों की कर रही संभाल
पेंडू विकास व पंचायत विभाग की ओर से जिले में विकास कार्य तेज गति से करवाए जा रहे हैं।
संवाद सहयोगी, गुरदासपुर : पेंडू विकास व पंचायत विभाग की ओर से जिले में विकास कार्य तेज गति से करवाए जा रहे हैं। मनरेगा के तहत विकास कार्यो के साथ लोगों को रोजगार भी मुहैया करवाया जा रहा है। यह जानकारी देते हुए डीसी मोहम्मद इशफाक ने बताया कि जिला गुरदासपुर मनरेगा के तहत विकास काम करवाने में राज्य भर में अग्रिम है और पंचायतों द्वारा विकास काम तेजी से करवाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि मनरेगा के तहत महिलाओं की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले के गांव बख्तपुर की सरपंच अमनदीप कौर द्वारा गांवों की सांझी स्थानों पर पौधे लगाने की मुहिम भी चलाई गई है। 50-50 पौधों की संभाल के लिए गांवों की महिलाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके चलते गांव की 20 महिलाओं को पांच साल तक पौधों की संभाल करने के बदले 1100 रुपये दिए जाएंगे। डीसी ने बताया कि ग्राम पंचायत बख्तपुरा द्वारा पर्यावरण को साफ सुथरा रखने के लिए बड़ा प्रयास किया है। उसके साथ गांव की महिलाओं को रोजगार भी मिला है। इससे उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि जिले में 12 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है और करीब 25 हजार महिलाओं को रोजगार मुहैया करवाया जाएगा।