पंजाब के गुरदासपुर में अंतरराज्यीय हथियार तस्करी रैकेट का पर्दाफाश, 7 आधुनिक पिस्तौल बरामद; 4 गिरफ्तार
पंजाब पुलिस ने गुरदासपुर में एक अंतरराज्यीय हथियार तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

उत्तराखंड के तीन आरोपितों सहित चार गिरफ्तार, सात आधुनिक पिस्तौल बरामद।
HighLights
गुरदासपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी रैकेट का भंडाफोड़ किया
चार आरोपित गिरफ्तार, जिनमें तीन उत्तराखंड के निवासी शामिल हैं
सात आधुनिक पिस्तौल और आठ मैगजीन बरामद की गईं
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों पर पंजाब को सुरक्षित प्रदेश बनाने के लिए चल रही मुहिम के दौरान बड़ी सफलता के तहत पुलिस ने अंतरराज्यीय हथियार तस्करी करने वाले रैकेट का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से तीन उत्तराखंड के रहने वाले हैं।
आरोपितों से सात आधुनिक पिस्तौल बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान लवप्रीत सिंह (26), लवप्रीत सिंह (25) और जशनदीप सिंह (25) तीनों निवासी सितारगंज, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड तथा हरजिंदर सिंह (23) निवासी लखनकलां, कलानौर, गुरदासपुर, के रूप में हुई है।
आईजीपी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बरामद किए गए हथियारों में एक ग्लाक (आस्ट्रिया मेड), चार .30 बोर (चीन निर्मित) और दो .30 बोर पिस्तौल सहित आठ मैगजीन शामिल हैं। हथियार बरामद करने के अलावा पुलिस टीमों ने उनकी कार को भी जब्त कर लिया है, जिसका उपयोग वे आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार किए गए आरोपितों के दुबई और अमेरिका स्थित हैंडलरों से संबंध थे, जिन्होंने उन्हें गैर-कानूनी हथियार बरामद करने का काम सौंपा था। भुल्लर ने कहा कि गुरदासपुर पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि लवप्रीत सिंह, लवप्रीत सिंह, जशनदीप सिंह और हरजिंदर सिंह ने हथियारों की एक खेप बरामद की है, जिसे वे आगे सप्लाई करने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने नाकाबंदी की और अपनी कार में जा रहे चारों आरोपितों को सात गैर-कानूनी पिस्तौलों और आठ मैगजीनों सहित गिरफ्तार कर लिया। आईजीपी ने बताया कि यह कार्रवाई एसएसपी गुरदासपुर आदित्य की निगरानी में की गई। उन्होंने आगे कहा कि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जांच जारी है और आगे-पीछे के संबंध स्थापित किए जा रहे हैं।
इस संबंध में थाना कलानौर में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है। बॉर्डर रेंज, अमृतसर के आईजीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि यह बरामदगी नशा तस्करों के लिए एक बड़ा झटका है।
पिछले महीने के दौरान गुरदासपुर पुलिस ने नशा तस्करों के नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की है, जिसके नतीजे में व्यापारिक मात्रा की हेरोइन के आठ मुकदमे दर्ज किए गए हैं, 19 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है और लगभग 8.5 किलो हेरोइन बरामद की गई है। इसके अलावा इन कार्रवाइयों के दौरान 18 पिस्तौल भी बरामद किए गए हैं।
