पर्चा दर्ज करने के विरोध में थाने के बाहर 20 घंटे दिया धरना
थाना रंगड़ नंगल में एक मामले को लेकर पर्चा दर्ज करने के विरोध में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब ने थाने के सामने शनिवार रात से रविवार शाम तक लगभग 20 घंटे धरना दिया।
संवाद सहयोगी, बटाला : थाना रंगड़ नंगल में एक मामले को लेकर पर्चा दर्ज करने के विरोध में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी पंजाब ने थाने के सामने शनिवार रात से रविवार शाम तक लगभग 20 घंटे धरना दिया। पुलिस अधिकारियों ने पर्चा रद करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए।
बता दें कि गांव लाधूभाणा में दो किसान परिवारों में एक झगड़ा चल रहा था। उस झगड़े के संबंध में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी जोन अच्चल साहिब ने दोनों पक्षों को बैठाकर राजीनामा करवा दिया था, पर बाद में आरोप है राजीतिक दबाव में आकर एक किसान पर फिर पर्चा दर्ज किया गया। इसको लेकर किसान मजदूर संघर्ष कमेटी ने थाना रंगड़ नंगल के सामने शनिवार शाम को धरना लगा दिया और थाने के गेट भी बंद कर दिया। इसके बाद माहौल गर्मा गया। प्रधान हरभजन सिंह वैरोनंगल ने कहा कि किसान जत्थेबंदी गांवों के अंदर किसानों के झगड़े मिल बैठकर हल करवा रही है, पर कुछ सियासी लोग अपनी सियासी रोटियां सेकने के लिए पुलिस को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान मजदूर संघर्ष कमेटी हमेशा इंसाफ के साथ खड़ी है। इस धरने के दौरान शेरे पंजाब सिंह बटाला सर्कल प्रधान, गुरप्रीत सिंह खानपुर जिला प्रधान, गुरभेज सिंह सूरोपड्डा, प्रेम कुमार मेहता, जगजीत सिंह, अवतार सिंह, संतोख सिंह, गुरविदर पाल सिंह, अंमोनंगल, सलविदर सिंह जैतोसर्जा, गुरदीप सिंह, निरंजन सिंह, गुरजीत सिंह, हजूर सिंह जोन दमदमा साहिब, हरविदर सिंह, सतनाम सिंह राम बंमन आदि उपस्थित थे। पुलिस अधिकारी के भरोसे के बाद धरना खत्म किया
धरने के दौरान एसपी गुरविदर सिंह, डीएसपी हरकृष्ण श्री हरगोबिदपुर, डीएसपी गुरदीप सिंह स्वामी, एसएचओ रंगड़ नंगल आदि ने विश्वास दिलवाया कि उक्त मामले में दोनों किसान परिवारों को बुधवार सुबह दस बजे बैठाकर राजीनामा करवा दिया जाएगा और साथ ही दर्ज हुआ पर्चा खारिज कर दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिया कि एसएसपी बटाला रछपाल सिंह के निर्देशों के अनुसार पुलिस किसी भी राजनीतिक दबाव के नीचे नहीं काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मामले का हल निकाल दिया जाएगा। पुलिस अधिकारियों के भरोसे के बाद अपना धरना खत्म किया।