विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब AAP में भी गुटबाजी? मोहल्ला क्लिनिक के उद्घाटन पर पहुंचे पूर्व MLA लाडी का विरोध, विधायक अमरपाल ने भी लगाए आरोप

Published: Wed, 14 Oct 2026 05:56 PM (IST)

बटाला के बहादुर हुसैन गांव में मोहल्ला क्लीनिक के उद्घाटन पर पूर्व विधायक बलविंदर सिंह लाडी का जोरदार विरोध हुआ। ...और पढ़ें

विधायक अमरपाल सिंह ने काटा रिबन। फोटो जागरण

विधायक अमरपाल सिंह ने काटा रिबन। फोटो जागरण

HighLights

  1. पूर्व विधायक बलविंदर लाडी का मोहल्ला क्लीनिक पर विरोध।

  2. ग्रामीणों ने बुजुर्गों के प्रति अपशब्द कहने का आरोप लगाया।

  3. मौजूदा विधायक अमरपाल सिंह ने किया क्लीनिक का उद्घाटन।

जागरण संवाददाता, बटाला। आम आदमी पार्टी के श्री हरगोबिंदपुर से कुछ महीने पहले ही भजपा छोड़ आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हुए पूर्व विधायक बलविंदर सिंह लाडी का गांव बहादुर हुसैन में जोरदार विरोध किया गया। इस दौरान पुलिस ने बड़ी मुश्किल से स्थिती को काबू किया।

बलविंदर सिंह लाडी को आप कार्यकर्ताओं ने काली झंडियां मौजूदा विधायक एडवोकेट अमरपाल सिंह के सामने दिखाई गई। गांव वालों ने बलविंदर सिंह लाडी की जगह मौजूदा विधायक अमरपाल सिंह से मोहल्ला क्लीनिक का रिबन काटकर उद्घाटन करवाया।

बहादुर हुसैन कलां के मौजूदा सरपंच के पति रणजीत सिंह ने कहा कि गांव में कुछ समय पहले आए थे और तब उनकी तरफ से गांव के बुजुर्गों के बारे में भरी सभा में अपशब्द कहे थे। जिस कारण गांव में आप कार्यकर्ताओं में काफी रोष पाया जा रहा था। जबकि आज नए मोहल्ला क्लीनिक का उद्घाटन करने के लिए बलविंदर सिंह लाडी आए थे। जबकि उनके पास कोई संवैधानिक पद ही नहीं है।

बुजुर्गों को कहा अपशब्द

मोहल्ला क्लीनिक विधायक अमरपाल सिंह की कोशिशों से बना है। जिस कारण विधायक ही मोहल्ला क्लीनिक का उद्घाटन करेंगे। गांववालों सहित हमने इसलिए बलविंदर लाडी का विरोध किया है कि जब वह पिछली बार हमारे गांव में आए थे। तब बलविंदर लाडी ने हमारे बुजुर्गों के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया था।

मेरे साथ भी लाडी ने गलत बोला था। हम आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और कार्यकारी प्रधान अमन शेर सिंह कलसी से अपील करते हैं कि श्री हरगोबिंदपुर हलके में पार्टी को आने वाले विधानसभा चुनाव में जिताना है तो कोई अच्छा हलका इंचार्ज लगाया जाए।

मौजूदा विधायक अमरपाल सिंह ने कहा कि बलविंदर सिंह लाडी श्री हरगोबिंदपुर के हलका इंचार्ज नहीं लगाए गए। आज मोहल्ला क्लीनिक का उद्घाटन मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ऑनलाइन करना था। जिस दौरान बलविंदर सिंह लाडी गांव में आए। पार्टी कार्यकर्ताओं की तरफ से उनके आने पर विरोध किया गया।

विधायक अमरपाल ने भी लगाए गंभीर आरोप

विधायक अमरपाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि बलविंदर सिंह लाडी आज भी लोगों को पर्चा दर्ज कराने की धमकियां दे रहे थे। मेरे सामने धमकियां दे रहे हैं। तो फिर वह पब्लिक के साथ किस तरह से प्यार करते होंगे, यह बात आज साबित हो गई है। विधायक ने कहा कि बलविंदर सिंह लाडी को हल्का इंचार्ज पार्टी की तरफ से नहीं लगाया गया। हलके के लोग मेरे साथ प्यार करते हैं, इसलिए मोहल्ला क्लीनिक का उद्घाटन मेरे से कराया गया है।

पूर्व विधायक बलविंदर लाडी ने कहा कि गांव में मोहल्ला क्लीनिक का उद्घाटन मुख्यमंत्री की तरफ से ऑनलाइन किया गया है। हम तो सिर्फ गांव के लोगों को लोकतंत्र में सब को बोलने का हक दिया गया है, लेकिन पार्टी की तरफ से ड्यूटी लगाई गई थी और मैं गांव में जा कर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान सरकार की तरफ से लोगों को दी जा रही सेहत योजनाओं के बारे में जानकारी दूं। इसलिए मैं गांव में आया था, मेरी तरफ से किसी को अपशब्द नहीं बोले गए।

पहले कांग्रेस फिर बीजेपी और आप में लाडी

बता दें कि बलविंदर सिंह लाडी पिछली कांग्रेस सरकार के दौरन श्री हरगोबिंदपुर विधान सभा से कांग्रेस के विधायक रहे थे। जबकि 2022 में हुए विधान सभा चुनाव हारने के बाद वह कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में चले गए थे। लेकिन वहां पर भी बलविंदर सिंह लाडी का मन नहीं टिक पाया और साल 2025 में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे।

मौके पर मौजूद पुलिस को पूर्व विधायक बलविंदर सिंह लाडी को वहां से भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच निकाल कर सुरक्षित कमरे में ले जाया गया।