विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरदासपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1600 लीटर लाहन और 95 बोतल अवैध शराब जब्त

Published: Sat, 03 Oct 2026 06:55 PM (IST)

आबकारी विभाग ने बटाला के अलीवाल गांव में नहर किनारे छापेमारी कर 1600 लीटर लाहन और 95 बोतल अवैध शराब ...और पढ़ें

गुरदासपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई। फोटो जागरण

गुरदासपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई। फोटो जागरण

HighLights

  1. आबकारी विभाग ने बटाला के अलीवाल गांव में छापेमारी की।

  2. 1600 लीटर लाहन और 95 बोतल अवैध शराब बरामद हुई।

  3. लाहन मौके पर नष्ट, अवैध शराब जब्त कर कार्रवाई जारी।

संवाद सहयोगी, बटाला। अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाई जा रही विशेष मुहिम के तहत आज आबकारी विभाग की टीम ने बटाला के निकटवर्ती गांव अलीवाल में नहर के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 1600 लीटर लाहन और 95 बोतल अवैध शराब बरामद की। आबकारी विभाग की टीम द्वारा बरामद की गई लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि 95 बोतल अवैध शराब को कब्जे में लेकर मामले की अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

इस संबंधी जानकारी देते हुए बटाला के शराब के ठेकों के इंचार्ज सुखराज गिल ने बताया कि आबकारी विभाग के उच्च अधिकारियों, सहायक कमिश्नर कश्मीर माहला तथा एस.एस.पी. बटाला डा. महताब सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को रोकने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभाग की टीमें संदिग्ध स्थानों पर लगातार चेकिंग कर रही हैं और अवैध शराब तैयार करने, रखने तथा बेचने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है।

सुखराज गिल ने बताया कि इसी विशेष मुहिम के तहत आज आबकारी विभाग की टीम द्वारा बटाला के निकटवर्ती गांव अलीवाल में नहर के किनारे झाड़ियों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 1600 लीटर लाहन और 95 बोतल अवैध शराब बरामद हुई। उन्होंने बताया कि विभाग की टीम ने बरामद लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया, ताकि इसका इस्तेमाल अवैध शराब तैयार करने के लिए न किया जा सके। वहीं 95 बोतल अवैध शराब को कब्जे में लेकर नियमानुसार अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सुखराज गिल ने कहा कि आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूरी नजर रखी जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा नहरों के किनारे, खेतों, झाड़ियों तथा अन्य सुनसान स्थानों पर भी विशेष चेकिंग की जा रही है, क्योंकि ऐसे स्थानों का इस्तेमाल अवैध शराब छिपाने या तैयार करने के लिए किए जाने की आशंका रहती है।

उन्होंने कहा कि आबकारी विभाग की टीमों को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं और जहां भी अवैध शराब संबंधी सूचना मिलती है, वहां तुरंत कार्रवाई की जाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाकर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

सुखराज गिल ने कहा कि आबकारी विभाग का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और निर्माण पर प्रभावी ढंग से रोक लगाना है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई का उद्देश्य न केवल अवैध शराब के कारोबार को रोकना है, बल्कि लोगों को इसके दुष्प्रभावों से भी बचाना है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति अवैध शराब तैयार करता या बेचता है अथवा किसी स्थान पर लाहन या अवैध शराब छिपाकर रखी गई है तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दी जाए।

उन्होंने कहा कि लोगों की ओर से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर भी विभाग द्वारा जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की यह मुहिम आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगी और क्षेत्र में विशेष चेकिंग तथा छापेमारी को और तेज किया जाएगा।

उन्होंने दोहराया कि क्षेत्र में अवैध शराब किसी भी कीमत पर नहीं बिकने दी जाएगी तथा अवैध शराब का कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग की टीमें लगातार क्षेत्र में निगरानी रख रही हैं और अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।